विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VTR में सागवान की दो गुल्ली ले जाते पकड़ा गया टाइगर ट्रैकर, ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय में किया हंगामा

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:41 PM (IST)

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रघिया वन क्षेत्र में एक टाइगर ट्रैकर को सागवान की दो गुल्ली के साथ पकड़ा गया, ...और पढ़ें

ग्रामीण विभाग पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

ग्रामीण विभाग पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

HighLights

  1. VTR में टाइगर ट्रैकर सागवान की लकड़ी के साथ पकड़ा गया।

  2. ग्रामीणों ने वन विभाग पर लीपापोती का आरोप लगाकर हंगामा किया।

  3. रेंजर ने मामले की जांच और दोषी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, रामनगर(पश्चिमी चंपारण)। VTR Forest Department: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के रघिया वन क्षेत्र में वन विभाग के ही एक टाइगर ट्रैकर को सागवान की दो गुल्ली के साथ पकड़े जाने के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ।

वन कक्ष संख्या 44 में बुधवार की देर रात वन विभाग के ट्रैक्टर-ट्राली पर जलावन की सूखी लकड़ी के साथ सागवान की दो गुल्ली ले जाने के दौरान वनरक्षक ने टाइगर ट्रैकर मणिकांत कुमार को पकड़ लिया।

मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण रघिया रेंज कार्यालय पहुंच गए और विभाग पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

वनरक्षक ने पकड़ा टीटी

बताया जाता है कि टाइगर ट्रैकर मणिकांत कुमार वन विभाग के ट्रैक्टर-ट्राली पर जलावन की सूखी लकड़ी के साथ सागवान की दो गुल्ली लादकर ले जा रहा था।

इसी दौरान वनरक्षक सोनू कुमार ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि लकड़ी ले जाने के लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

रेंज कार्यालय में हंगामा

मामले की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण रघिया रेंज कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने विभाग पर मामले को दबाने और आरोपित टाइगर ट्रैकर को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

नौरंगिया दोन के मुखिया गौरीशंकर प्रसाद, बगही पंचायत के मुखिया धीरज देवनाथ, बनकटवा करमहिया के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अनंत काजी और देवराज महतो समेत अन्य ग्रामीण दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

वनकर्मियों पर भी आरोप

ग्रामीणों का कहना था कि जब वन विभाग का वनरक्षक लकड़ी के साथ अपने ही विभाग के कर्मी को पकड़ चुका है तो मामले में लीपापोती नहीं होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जंगल से सूखी लकड़ी लाने पर आम लोगों को वनकर्मी परेशान करते हैं, जबकि विभाग में काम करने वाले लोग ही कीमती लकड़ी की चोरी कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने इस मामले में वन विभाग के अन्य कर्मियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई। उनका आरोप था कि कांड में शामिल अन्य लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

रघिया रेंजर राजेश राम ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। रेंजर ने बताया कि वनरक्षक ने टाइगर ट्रैकर को लकड़ी के साथ पकड़ा है। बरामद लकड़ी जब्त कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित टाइगर ट्रैकर के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बिना विभाग की के अनुमति लकड़ी जंगल से उठाकर लाना अपराध है। इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। दोषी टीटी पर नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसमें अन्य किसी कर्मी की भूमिका नहीं है। वैसे छानबीन की जा रही है।

-

राजेश राम, रेंजर रघिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।