वीटीआर के जंगल में चारपहिया से बचने के दौरान पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत
वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर वीटीआर जंगल में एक सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय अमन कुमार सोनी की मौत ...और पढ़ें
-1789722545858_m.webp)
अमन कुमार सोनी की फाइल फोटो।
HighLights
वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में युवक की मौत।
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई।
एक युवक घायल, पुलिस हादसे की जांच में जुटी।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Valmikinagar Road Accident: वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग में नौरंगिया थाना क्षेत्र के वीटीआर जंगल में चमैनिया के समीप गुरुवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे चारपहिया वाहन को साइड देने के क्रम में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में नगर थाना क्षेत्र के वार्ड आठ डुमवलिया डीह निवासी छोटे लाल सोनी के 21 वर्षीय पुत्र अमन कुमार सोनी और राजा साह (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची जीएम वाल्मीकिनगर की 112 टीम दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने अमन कुमार सोनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजा साह का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्वजन के अनुसार, अमन की स्टेशन चौक पर चप्पल-जूते की दुकान है। दुकान के बकाया तगादे को लेकर वह वाल्मीकिनगर गया था और शाम करीब छह बजे लौटने के दौरान हादसा हो गया।
अमन दो बहनों के बीच अकेला भाई था और उसकी शादी नहीं हुई थी। हादसे की सूचना के बाद मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
