विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : वाल्मीकिनगर में बाघ का आतंक, खेत में गए किसान को मार डाला

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:59 PM (IST)

वाल्मीकिनगर के जंगल से सटे भेड़िहारी हरिजन टोला में एक किसान रामसागर राम पर बाघ ने हमला कर उसे मार डाला। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत और वन विभाग के प्रति आक्रोश है, क्योंकि इलाके में बाघ का आतंक लगातार जारी है।

बगहा में किसान को मार डाला।

बगहा में किसान को मार डाला।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकिनगर के जंगल से सटे गांवों में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। खेतों में काम करने और मवेशियों के लिए चारा जुटाने निकले ग्रामीणों की जिंदगी खतरे में पड़ रही है।

मंगलवार को भेड़िहारी हरिजन टोला में एक किसान बाघ का शिकार बन गया। गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने किसान पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति आक्रोश भी फैल गया है।

खेत में काम करने निकला था किसान

वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी हरिजन टोला निवासी करीब 50 वर्षीय रामसागर राम, पिता हरिहर राम, मंगलवार दोपहर खेती-बारी के काम से खेत गए थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ किसान को खींचकर गन्ने के खेत में ले गया।

तलाश करने पहुंचे स्वजन, खेत में मिला शव

काफी देर तक रामसागर राम के घर नहीं लौटने पर स्वजन और ग्रामीण उनकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान गन्ने के खेत में उनका शव मिला। शरीर पर बाघ के हमले के निशान पाए गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेने की प्रक्रिया की जा रही थी।

ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में बाघ की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। खेतों में काम करने और मवेशियों के लिए चारा लाने तक में लोगों को डर बना रहता है।

पांच माह में कई लोगों की जान ले चुका बाघ

30 जुलाई: वाल्मीकिनगर रेंज के वन कक्ष संख्या टी-36 में हाथी मलखंता के समीप बिसाहा गांव निवासी 62 वर्षीय अकलू यादव बकरी चराने गए थे। बाघ के हमले में घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

31 जुलाई: मदनपुर वन क्षेत्र के नौरंगिया स्थित मिश्रौलिया रेता में खेत में धान की सोहनी कर रही 45 वर्षीय उमरावती देवी पर बाघ ने हमला कर दिया।

15 अगस्त: भेड़िहारी गांव में मवेशियों के लिए चारा लेने गए 40 वर्षीय विजय हालदार की भी बाघ के हमले में मौत हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।