विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटन सुविधाओं का इंतजार, हेली टूरिज्म और नए सफारी रूट में देरी

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:23 PM (IST)

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र शुरू होने के बावजूद हेली टूरिज्म और नए जंगल सफारी रूट जैसी प्रस्तावित सुविधाएं ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के मदनपुर जंगल के पास स्थित गेटवे आफ वीटीआर। जागरण

पश्चिम चंपारण के मदनपुर जंगल के पास स्थित गेटवे आफ वीटीआर। जागरण

HighLights

  1. वीटीआर में हेली टूरिज्म और नए सफारी रूट में देरी।

  2. एक माह में 10 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे वीटीआर।

  3. डीएफओ ने जल्द नए सफारी रूट खुलने की उम्मीद जताई।

विनोद राव, बगहा (पश्चिम चंपारण)। पर्यटन सत्र शुरू हुए एक माह बीत गया, लेकिन वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में पर्यटकों को मिलने वाली प्रस्तावित नई सुविधाएं अभी इंतजार में हैं।

17 अक्टूबर से जंगल सफारी शुरू होने के साथ नए सफारी रूट और पटना से वाल्मीकिनगर के बीच हेली टूरिज्म शुरू करने की घोषणा की गई थी। हालांकि, अब तक दोनों योजनाएं जमीन पर पूरी तरह आकार नहीं ले सकी हैं।

इन नई सुविधाओं का लाभ फिलहाल वीटीआर आने वाले पर्यटकों को नहीं मिल पा रहा है। यदि घोषित सफारी रूट और अन्य सुविधाएं समय पर शुरू हो गई होतीं तो पर्यटकों को घूमने के नए विकल्प मिलने के साथ वीटीआर को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होता।

पिछले एक महीने में 10 हजार से अधिक पर्यटक वीटीआर पहुंच चुके हैं। इनमें दो विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। इसी अवधि में दो हजार से अधिक पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया है। ऐसे में नए सफारी रूट शुरू होने से पर्यटकों की संख्या और राजस्व, दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

इधर, पटना से वाल्मीकिनगर के लिए प्रस्तावित हेली टूरिज्म की योजना अभी घोषणा से आगे नहीं बढ़ सकी है। यहां अब तक हेलीपैड की व्यवस्था भी नहीं हुई है। जबकि राज्य सरकार की ओर से हेलीकाप्टर सेवा का किराया पहले ही घोषित किया जा चुका है। ऐसे में पर्यटन सत्र शुरू होने के बावजूद पर्यटकों को नई सुविधाओं के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।

वाल्मीकिनगर के होटल व्यवसायी आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार ने पर्यटकों के लिए जिस तरह नई सुविधाओं की घोषणा की थी, उससे उम्मीद थी कि पर्यटन सत्र शुरू होते ही इसका संचालन भी शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है। संभव है कि नए साल में इन सुविधाओं के शुरू होने की स्थिति बने।

जंगल सफारी के नए रूट का का इंतजार

पर्यटकों की सुविधा और वीटीआर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मदनपुर और भवानीपुर वन क्षेत्र में जंगल सफारी के नए रूट विस्तार की घोषणा की गई थी। योजना के तहत मदनपुर गेट के आसपास और भवानीपुर क्षेत्र में पर्यटकों को सफारी कराने की तैयारी थी।

जटाशंकर चेकनाका से गनौली स्थित गिद्ध संरक्षण केंद्र तक भी सफारी रूट विस्तारित किया जाना है। हालांकि, पर्यटन सत्र शुरू होने के बावजूद अब तक इन योजनाओं को धरातल पर उतारा नहीं जा सका है।

इसके अलावा 10 हजार रुपये के पूरे दिन के सफारी पैकेज की भी तैयारी की गई थी। इसमें गिद्ध संरक्षण केंद्र, बिटहटा, रधिया, मंगुराहा और गोबर्धना के पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है। गोबर्धना में पर्यटकों के लिए लंच और मंगुराहा व गोबर्धना में सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की भी योजना थी।

वन विभाग की ये योजनाएं समय पर शुरू होतीं तो पर्यटकों को नए विकल्प मिलते और वीटीआर के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार व कारोबार को बढ़ावा मिलता। साथ ही सफारी शुल्क और अन्य पर्यटन गतिविधियों से वन विभाग को राजस्व का भी फायदा होता। फिलहाल घोषणाएं और तैयारियां तो हैं, लेकिन अमल का इंतजार है।

नए सफारी रूट पर फिलहाल मरम्मत का काम चल रहा है। काम पूरा होते ही इसे आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। करीब एक सप्ताह में मरम्मत कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद पर्यटक गेटवे आफ वीटीआर और नए सफारी रूट का आनंद उठा सकेंगे।

-

विकास अहलावत, डीएफओ, वन प्रमंडल दो, बेतिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।