विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के पहले ही दिन पर्यटकों को दिखे हिरण चितल और मोर

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:20 PM (IST)

Vtr Tourism Season Starts: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मंगुराहा और गोवर्धना वन क्षेत्र में नए पर्यटन सत्र के लिए जंगल ...और पढ़ें

हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को रवाना करते रेंजर।

हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को रवाना करते रेंजर। 

संवाद सूत्र, गौनाहा/रामनगर (पश्चिमी चंपारण)। Valmiki Tiger Reserve Jungle Safari: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के मंगुराहा और गोवर्धना वन क्षेत्र में नए पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए बहुप्रतीक्षित जंगल सफारी की शनिवार से आधिकारिक शुरुआत हो गई है।

पर्यटन सत्र के पहले ही दिन सफारी पर निकले पर्यटकों को हिरण, चीतल, मोर और जंगली सुअर का दीदार हुआ, जिसे देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए।

मंगुराहा में 30 किमी लंबी सफारी

मंगुराहा वन क्षेत्र में जंगल सफारी का विधिवत उद्घाटन रेंजर अंशुमन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने बताया कि भवानीपुर के 20 नंबर ढाला से लखनिया होते हुए मानपुर तक लगभग 30 किलोमीटर लंबी जंगल सफारी शुरू की गई है। इसके माध्यम से पर्यटक न केवल वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे, बल्कि प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद ले सकेंगे।

पर्यटकों ने जताई खुशी

मंगुराहा में पहले दिन 10 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। सफारी का लुत्फ उठाने पहुंचे धनहा के रोशन कुमार, काजल कुमारी, सिकटा के अंचलाधिकारी राजीव कुमार और प्रीति प्रभा सहित अन्य पर्यटकों ने वन्यजीवों की साइटिंग पर खुशी जताई।

वन विभाग की इस पहल की सभी ने सराहना की। यहाँ पर्यटकों के लिए रिवर सफारी, नेचर ट्रेल, लालभितिया सनसेट प्वाइंट और साइक्लिंग जैसी गतिविधियां भी उपलब्ध हैं।

गोवर्धना में वाहनों को दिखाई झंडी

उधर, वीटीआर के गोवर्धना रेंज में भी नए सत्र के लिए जंगल सफारी का शुभारंभ किया गया। गोवर्धना रेंजर सुनील कुमार पाठक और मुख्य अतिथि मनचंगवा पंचायत के मुखिया रमेश चौधरी ने संयुक्त रूप से सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुजफ्फरपुर और पटना से आए कई पर्यटक मौजूद रहे।

ऑनलाइन बुकिंग की भी सुविधा

गोवर्धना रेंजर ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। सफारी के लिए इच्छुक पर्यटक रेंज कार्यालय से सीधे गाड़ी बुक कर सकते हैं या फिर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का भी लाभ उठा सकते हैं। गोवर्धना में पर्यटकों के रहने, खाने और नाइट स्टे के लिए इको-टूरिज्म की बेहतर व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में वीटीआर के पर्यटकों को मिलेगा लग्जरी ठिकाना, 500 लोगों की क्षमता वाला हॉल भी तैयार