थारू समुदाय पर हुए शोध में चौंकाने वाला खुलासा, 2 लोगों में मिला दुर्लभ 'बॉम्बे ब्लड ग्रुप'; ए-2 पूरी तरह गायब
पश्चिम चंपारण के थारू समुदाय पर हुए शोध में उनकी आनुवंशिक पहचान के महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं। अध्ययन में दुर्लभ बॉम्बे फेनोटाइप के दो रक्त समूह पाए गए, जबकि बी रक्त समूह सर्वाधिक प्रचलित है और ए-2 अनुपस्थित है।

रक्त का नमूना लेते रिसर्च स्कॉलर। सौ. रिसर्च टीम
HighLights
थारू समुदाय में दुर्लभ बॉम्बे फेनोटाइप रक्त समूह मिला।
बी रक्त समूह सर्वाधिक, ए-2 रक्त समूह पूरी तरह अनुपस्थित।
पश्चिम चंपारण के थारूओं की आनुवंशिक विविधता पर शोध।
सुनील आनंद, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। भारत- नेपाल सीमा पर पश्चिम चंपारण के तराई में बसे थारू समुदाय की आनुवंशिक पहचान को समझने की दिशा में किए गए शोध में कई महत्वपूर्ण संकेत सामने आए हैं।
रक्त समूहों के विश्लेषण पर आधारित अध्ययन में बी रक्त समूह सर्वाधिक पाया गया, जबकि ए-2 रक्त समूह की मौजूदगी नहीं मिली है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि अध्ययन के दौरान दुर्लभ बॉम्बे फेनोटाइप (ओ-एच) के दो रक्त समूह भी मिले हैं।
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के प्राणी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष सह वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. डॉ. नरेन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में थारू समुदाय की आनुवंशिक पहचान पर भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रद्योगिकी विभाग की शोध परियोजना के दूसरे चरण में आनुवंशिक विशेषताओं पर अध्ययन में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है।
कुलपति प्रो. डॉ. बिमलेन्दु शेखर झा की मौजूदगी में आई शोधा स्कॉलर की टीम पहुंची और दो दिनों तक अध्ययन किया। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि मई से जुलाई 2024 के बीच किए गए अध्ययन में 383 लोगों के रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया।
उन्होंने कहा कि दो चरणों वाली यादृच्छिक क्लस्टर नमूना पद्धति से सात गांवों का चयन किया गया था। इनमें बगहा दो प्रखंड के संतपुर सोहरिया, हरनाटांड़, महादेवा, बैरिया कला, बैरिया खुर्द, मैनाहा-जमेरी और नौरंगिया में शोधकर्ताओं ने एबीओ, ए-1, ए-2, बी, ओ, एच और आरएच रक्त समूहों के आधार पर आंकड़ों का विश्लेषण किया।
अध्ययन में पुरुषों और महिलाओं के नमूने शामिल थे। अब तक के शोध के निष्कर्ष थारू समुदाय की आनुवंशिक विविधता, दूसरे थारू समूहों से संबंध और पूर्वजों के प्रवास की संभावित दिशा को समझने में नई कड़ी जोड़ते हैं।
बी रक्त समूह की सर्वाधिक मौजूदगी, ए-2 पूरी तरह अनुपस्थित
शोध में थारू समुदाय के 38.65 प्रतिशत लोगों में बी रक्त समूह पाया गया है। ओ समूह 28.19 प्रतिशत, ए-1 समूह 21.67 प्रतिशत और एबी समूह 11.49 प्रतिशत है, जबकि ए-2 और ए-2बी रक्त समूह नहीं मिला है।
हालांकि, रक्त समूहों का वितरण सांख्यिकीय रूप से अपेक्षित आनुवंशिक संतुलन से महत्वपूर्ण रूप से अलग नहीं है। आरएच पॉजिटिव लोगों की संख्या 98.42 प्रतिशत है, जबकि आरएच नेगेटिव की हिस्सेदारी महज 1.58 प्रतिशत है। इससे समुदाय में आरएच नेगेटिव रक्त समूह की कम मौजूदगी भी सामने आई है।
दुर्लभ बॉम्बे रक्त समूह के दो मिले
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि चिकित्सा दृष्टि से महत्वपूर्ण निष्कर्ष बॉम्बे फेनोटाइप की पहचान है। कुल नमूनों में दो लोगों में यह रक्त समूह मिला है, जो लगभग 0.52 प्रतिशत है। बॉम्बे रक्त समूह में सामान्य ओ रक्त समूह की तरह दिखने के बावजूद एच एंटीजन नहीं पाया जाता है।
ऐसे लोगों को सामान्य ओ नेगेटिव रक्त भी देना सुरक्षित नहीं माना जाता, क्योंकि उनके शरीर में मौजूद एंटीबॉडी गंभीर प्रतिक्रिया पैदा कर सकते हैं। यह निष्कर्ष दुर्लभ रक्त समूहों की पहचान और सुरक्षित रक्त आधान के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
देश के अन्य थारू समूहों से संबंध में अंतर
शोध में पश्चिम चंपारण के थारू समुदाय की तुलना उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, नैनीताल, राणा थारू, डांगुरिया और पछिमहा थारू समूहों से की गई है। आनुवंशिक दूरी के विश्लेषण में पश्चिम चंपारण के थारू और राणा थारू के बीच अपेक्षाकृत अधिक अंतर पाया गया है। वहीं, कुछ दूसरे थारू समूहों के बीच आनुवंशिक समानता अधिक है।
अध्ययन के अनुसार कुल आनुवंशिक विविधता का लगभग 99.55 प्रतिशत समुदायों के भीतर और महज 0.45 प्रतिशत विभिन्न समूहों के बीच अंतर से संबंधित है। यह संकेत देता है कि थारू समुदायों में साझा आनुवंशिक आधार मौजूद है, हालांकि कुछ समूह अपनी अलग पहचान भी बनाए हुए हैं।
पूर्वजों और प्रवास पर अध्ययन अभी बाकी
शोधकर्ताओं ने रक्त समूहों के आधार पर थारू समुदाय की कुछ पूर्वी एशियाई आबादी से आनुवंशिक निकटता की संभावना जताई है। हालांकि, इसे अंतिम प्रमाण नहीं माना गया है।
पूर्वजों, प्रवास के रास्तों और समुदाय के भीतर आनुवंशिक मिश्रण को स्पष्ट करने के लिए डीएनए, माइटोकॉन्ड्रियल और वाई-क्रोमोसोम आधारित विस्तृत अध्ययन की जरूरत है।
इस शोध के निष्कर्ष थारू समुदाय के इतिहास को समझने के लिए नई दिशा जरूर देते हैं, लेकिन उसकी उत्पत्ति और प्रवास की कहानी को निर्णायक रूप से स्थापित करने के लिए आगे का वैज्ञानिक अध्ययन चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।