विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : टाटा मोटर्स में ड्यूटी के बाद निकले थे आनंद, सड़क पर मौत बनकर आया अज्ञात वाहन

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:24 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के बेतिया-मोतिहारी मुख्य पथ पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से टाटा मोटर्स के क्लर्क आनंद तिवारी की ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो

मृतक की फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बेतिया-मोतिहारी मुख्य पथ पर सोमवार की शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से टाटा मोटर्स के क्लर्क आनंद तिवारी (61) की मौत हो गई।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के छोहरिया गांव के वार्ड संख्या 16 निवासी स्व. हरिशंकर तिवारी के पुत्र के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आनंद तिवारी बेलदारी स्थित टाटा मोटर्स कंपनी में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। सोमवार की शाम करीब छह बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे कंपनी से निकले और सड़क के सामने स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने जा रहे थे।

इसी दौरान बेतिया-मोतिहारी मुख्य पथ पर तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मृतक के पुत्र बबलू तिवारी उर्फ आदित्य तिवारी ने बताया कि पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके एक पुत्र और एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष कंचन कुमार भास्कर ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से टाटा मोटर्स कंपनी के क्लर्क की मौत हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।