नीतीश कुमार की बुद्धि पर फिर गया पानी : सुषमा स्वराज
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि परिस्थितियां नहीं बदलीं, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बुद्धि पर पानी फिर गया है। उनके अहंकार ने उन्हें अंधकार में धकेल दिया है।यहां की जनता पुन: जंगलराज को नहीं देखना चाहती।
पश्चिम चंपारण। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि परिस्थितियां नहीं बदलीं, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बुद्धि पर पानी फिर गया है। उनके अहंकार ने उन्हें अंधकार में धकेल दिया है। यहां की जनता पुन: जंगलराज को नहीं देखना चाहती। बिहार में पहली बार शुद्ध भाजपा की सरकार बनेगी। सुषमा स्वराज शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के चनपटिया में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का मान विदेशों में अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। जिस अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेंद्र मोदी का वीजा नहीं होने दिया, वहीं ओबामा अब प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में दोनों हाथ फैलाए रहते हैं।
मोदी के कारण आज भारत बोलता है और पूरी दुनिया सुनती है। यमन में रह रहे करीब 4500 भारतीयों को सुरक्षित वतन लाने में केंद्र सरकार कामयाब रही। आज विश्व भारत की बात सुनने लगा है। संयुक्त राष्ट्र के संबोधन में मोदी ने योग मनाने की मन की बात कही तो 171 देशों ने इसे स्वीकार करते 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा कर दी। जन-धन योजना, दुर्घटना बीमा योजना, मुद्रा योजना आदि मील के पत्थर साबित हुए हैं।
सुषमा ने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनती है तो तीन वर्ष के अंदर बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में आ जाएगा। सभी गांव-टोले में बिजली व सड़क की व्यवस्था होगी। सभी घरों में 24 घंटे बिजली और खेतों के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। लोगों के मन में धधक रही विकास की ज्वाला को ठंडक दी जाएगी।