गेरुआ वस्त्र धारण कर बाबा के दर्शन को निकले भक्त
सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए वाल्मीकिनगर से लेकर रामनगर तक भक्तों का रेला लगा हुआ है।
बगहा। सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए वाल्मीकिनगर से लेकर रामनगर तक भक्तों का रेला लगा हुआ है। वाल्मीकिनगर-रामनगर मुख्य पथ पर कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कांवरियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। कांवरियों की चहलकदमी से मेले जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। चारो ओर गेरुआ रंग ही दिखाई पड़ रहा है। कांवरिया पैदल, बाइक, तीन पहिया व चार पहिया वाहनों से शिव दर्शन को आ जा रहे हैं। इस कारण पूरा पथ दिन भर बोलबम व हरहर महादेव के नारों से गूंज रहा है। शनिवार को और रविवार को कांवरियों द्वारा नेपाल के त्रिवेणी संगम से जल भराई कर यूपी के इटहिया, वाल्मीकिनगर के जटाशंकर, बगहा के पक्की बावली एवं रामनगर के नर्मदेश्वर मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए कांवरियों का जत्था निकल पड़ा है। वहीं कांवरियों की सेवा के लिए प्रत्येक चौक-चौराहों पर ग्रामीणों द्वारा शिविर लगाया गया है। जिसमें कांवरियों को चाय, पानी व दवा नि:शुल्क दिया जा रहा है। इस दौरान लौकरिया 62 पुल, मिश्रौली चौक, नौतनवा, सौराहा, मोहना आदि जगहों पर ग्रामीणों द्वारा शिविर का आयोजन कर कांवरियों के जलपान के अलावे उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। इस दौरान कांवरियों के मनोरंजन के लिए डीजे पर भक्ति गीत भी बजाए जा रहे हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन काफी चौकस नजर आ रही है।