पश्चिम चंपारण के शिकारपुर में पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प, 10 घायल, तीन की हालत गंभीर
पश्चिम चंपारण के शिकारपुर में पुराने विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें लाठी-डंडे और फरसे ...और पढ़ें

गंभीर रूप से घायल को एंबुलेंस में बैठाते स्वास्थ्य कर्मी। फोटो: जागरण
HighLights
शिकारपुर में पुराने विवाद पर दो परिवारों में हिंसक झड़प।
लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फरसे चलने से 10 घायल।
तीन गंभीर घायलों को बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Shikarpur Violent Clash: शिकारपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में शनिवार को पुराने विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और फरसे चले, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल से जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया है।
तीन घायलों की हालत गंभीर
रेफर किए गए घायलों में एक पक्ष के सुमन साह और विक्रम साह तथा दूसरे पक्ष के भरत साह शामिल हैं। घटना में तीन-चार महिलाएं भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक पक्ष के वीरन साह और उसकी पत्नी सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच कर रही है।
गवाहों को धमकी का आरोप
एक पक्ष के तेज प्रताप साह ने बताया कि भरत साह के परिवार से करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है। मई 2025 में भी मारपीट में उनका सिर फोड़ दिया गया था, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी और मामला न्यायालय में चल रहा है।
तेज प्रताप का आरोप है कि दो दिन पहले भरत साह के परिवार के लोगों ने केस के गवाहों को धमकी देकर मुकदमा उठाने का दबाव बनाया था।
इसी बीच शनिवार को उनका मोटर चोरी हो गया। घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने के दौरान दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
भूमि विवाद का बताया कारण
दूसरे पक्ष के भरत साह और वीरन साह ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है और तेज प्रताप ने पूर्व में भी झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।
शनिवार को मोटर चोरी का झूठा आरोप लगाने का विरोध करने पर तेज प्रताप साह, सुमन साह, विक्रम साह, विजेंद्र साह, ममता देवी समेत अन्य लोगों ने लाठी-फरसे से हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ मामले की छानबीन की जा रही है।
