बगहा में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, स्थानीय लोगों ने खदेड़ा, वाहन का शीशा तोड़ा
रामनगर के कटसीकरी गांव में एक विवाद की जांच करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें ...और पढ़ें
-1788182051465_m.webp)
पति-पत्नी के विवाद की जांच करने पहुंची थी पुलिस।
HighLights
रामनगर के कटसीकरी गांव में पुलिस टीम पर हुआ हमला।
ग्रामीणों ने पुलिस वाहन का शीशा तोड़ा, धक्का-मुक्की की।
भारी पुलिस बल तैनात, तीन लोग हिरासत में लिए गए।
जागरण संवाददाता, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। रामनगर थाना क्षेत्र के कटसीकरी गांव में सोमवार को दोपहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। पुलिस वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम मौके से वापस लौट गई। बाद में रामनगर व गोबर्धना थाने से बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान गांव पहुंचे।
इसके बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और एसडीपीओ निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार मझौलिया थाना क्षेत्र के गढ़वा भोगाड़ी पिपरपाती निवासी सतन राम की शादी वर्ष 2016 में रामनगर थाना क्षेत्र के कटसीकरी गांव निवासी मुखलाल राम की पुत्री नैना कुमारी के साथ हुई थी।
शादी के बाद नैना कुछ समय तक ससुराल में रही। बाद में वह पति पर दबाव बनाकर मायके कटसीकरी आकर रहने लगी। इसी बीच सतन राम रोजगार के लिए खाड़ी देश चला गया। उसके अनुसार वह करीब सात वर्षों तक विदेश में रहा और बीच-बीच में घर आता-जाता रहा। इस दौरान दंपती की दो बच्चियां भी हुईं।
सतन ने पुलिस को बताया कि वह विदेश से नियमित रूप से पत्नी को पैसे भेजता था। इसी पैसे से कटसीकरी गांव में नैना के नाम से पांच धुर जमीन खरीदी गई और उस पर पक्का मकान भी बनवाया गया।
विदेश से लौटने के बाद सतन ने पत्नी के व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई। आरोप है कि बीते मार्च में होली के बाद नैना मठिया गांव निवासी पप्पू अंसारी के साथ रहने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया।
ताला तोड़कर घर में प्रवेश का आरोप
सतन के अनुसार रक्षा बंधन के अवसर पर वह अपने घर में ताला लगाकर मझौलिया थाना क्षेत्र स्थित गांव चला गया था। सोमवार को नैना देवी, कथित रूप से पप्पू अंसारी, उसकी मां गौदा खातून और अन्य लोग सतन के घर पहुंचे।
आरोप है कि इन लोगों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। यह देखकर कटसीकरी के कुछ ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर विरोध जताया और घर की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद सतन और उसके स्वजन को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सतन पक्ष के लोग मझौलिया से कटसीकरी पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घर के अंदर लोगों के बंद होने और मारपीट की सूचना मिलने पर स्थानीय थाने से एसआइ इम्तियाजुल हक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। पुलिस वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थिति को देखते हुए एसआइ पुलिस बल के साथ वापस लौट आए।
इसके बाद रामनगर थाने से अंचल पुलिस निरीक्षक जोगिंदर रविदास, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, एसआइ ज्योति मौर्य, रूपेश कुमार, प्रमोद सिंह और इम्तियाजुल हक के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान कटसीकरी पहुंचे।
गोबर्धना थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल के पहुंचने के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई आवेदन मिलने के बाद जांच के आधार पर की जाएगी।
