विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सत्याग्रह एक्सप्रेस में परोसा जा रहा था होटल का खाना, पेंट्री कार का कर्मी गिरफ्तार

Published: Sun, 04 Oct 2026 06:16 PM (IST)

Indian Railways Action: सत्याग्रह एक्सप्रेस में बाहरी होटल का खाना परोसने के आरोप में बगहा स्टेशन पर एक पेंट्री कार ...और पढ़ें

होटल से बाहर का खाना परोसे जाने की शिकायत  वाले वायरल वीडियो से ली गईं तस्वीरें।

होटल से बाहर का खाना परोसे जाने की शिकायत वाले वायरल वीडियो से ली गईं तस्वीरें।

संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Satyagrah Express Pantry Car Food Quality: नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर बगहा स्टेशन से गुजरने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस में बाहर के होटल से खाना लाकर परोसने का मामला सामने आया है।

सोशल मीडिया पर इसका वीडियो प्रसारित होने के बाद रेल प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। समस्तीपुर रेल मंडल के अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई।

पेंट्री कार का कर्मी गिरफ्तार

जांच के दौरान शनिवार को सत्याग्रह एक्सप्रेस की पेंट्री कार से जुड़े कर्मी अलीगढ़ निवासी डी. सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में स्थानीय होटल का खाना चढ़ाए जाने की बात स्वीकार की है। रेल पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

मानकों की अनदेखी का आरोप

बगहा स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में वेंडरों द्वारा बाहरी होटलों का घटिया खाना सप्लाई करने की शिकायतें पहले से मिल रही थीं।

यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। लोक कल्याण मंच की शिकायत पर प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

साजिश की जांच जारी

आरपीएफ और रेल अधिकारी अब इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि किन परिस्थितियों में बाहर से खाना अंदर पहुंचाया गया।

इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि इस खेल में पेंट्री कार के अन्य कर्मचारियों की क्या भूमिका रही है। कार्रवाई के बाद से ट्रेन के वेंडरों में हड़कंप मचा है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर रात में दिघरा रेल फाटक से गुजरना होगा मुश्किल, आज से 4 रात बंद रहेगा रास्ता