मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर रात में दिघरा रेल फाटक से गुजरना होगा मुश्किल, आज से 4 रात बंद रहेगा रास्ता
मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड पर स्थित ढोली यार्ड के दिघरा रेल फाटक (समपार संख्या 79) को रेलवे ट्रैक मरम्मत के लिए लगातार चार रातों तक बंद रखा जाएगा।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दिघरा रेल फाटक 4 रातों के लिए बंद रहेगा।
रेलवे ट्रैक की मरम्मत और ओवरहालिंग का कार्य होगा।
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात बंद रहेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अगर रात में ढोली की ओर से आना-जाना है तो रास्ता बदलकर निकलना होगा। मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर रेलखंड के ढोली यार्ड स्थित दिघरा रेल फाटक समपार संख्या 79 पर आज से लगातार चार रात सड़क यातायात बंद रहेगा। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक फाटक को पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
चार रात नहीं खुलेगा फाटक
रेलवे की ओर से जारी पत्र के अनुसार 3/4, 4/5, 5/6 और 6/7 अक्टूबर की रात फाटक बंद रहेगा। इस दौरान रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक किसी भी वाहन को समपार संख्या 79 से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। सुबह छह बजे के बाद सड़क यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
ट्रैक की होगी ओवरहालिंग
ढोली यार्ड में रेलपथ से जुड़े जरूरी कार्य कराए जाएंगे। इसमें रेल, स्लीपर और चेक रेल बदलने के साथ ओवरहालिंग तथा रेलपथ की मरम्मत शामिल है। रेलवे के अनुसार रेल संरक्षा की दृष्टि से यह कार्य जरूरी है। इसी कारण काम के दौरान फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह रोकने का फैसला लिया गया है।
शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल
फाटक बंद रहने के दौरान किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए रेलवे ने दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया है।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी समेत रेलवे के संबंधित अधिकारियों, राजकीय रेल पुलिस, आरपीएफ और सकरा थाने को सूचना दी गई है।
रात में सफर करने वालों को परेशानी
लगातार चार रात फाटक बंद रहने का असर ढोली क्षेत्र से रात में आने-जाने वाले लोगों पर पड़ेगा। खासकर देर रात यात्रा करने वाले वाहन चालकों को फाटक पार करने के लिए वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे का कहना है कि निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूरा कराकर सड़क यातायात को फिर सामान्य कर दिया जाएगा।
