प्रधानमंत्री मोदी कुमारबाग एसईजेड की रखेंगे आधारशिला, बिहार को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान
PM Modi Bihar Visit SEZ: कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी वैशाली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रखेंगे। यह SEZ 125 एकड़ में विकसित होगा।

शुक्रवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
संवाद सूत्र, चनपटिया (पश्चिमी चंपारण)। Kumarbagh SEZ Foundation Stone: कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान मिलने जा रही है और यहां प्रस्तावित स्पेशल इकोनॉमिक जोन की आधारशिला प्रधानमंत्री रखेंगे।
वैशाली में आयोजित सभा के दौरान प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से कुमारबाग स्थित सेज का शिलान्यास करेंगे। इसको लेकर औद्योगिक क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
आमंत्रित अतिथि और व्यवस्था
कार्यक्रम में करीब 400 उद्यमियों और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित 100 से 150 कुशल जीविका दीदियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर लाइव प्रसारण के लिए एलईडी, मंच और कुर्सियां लगाई गई हैं तथा जनप्रतिनिधियों को भी न्योता दिया जा रहा है। उद्योग नीति व सरकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं ताकि लोगों को जानकारी मिल सके।
निरीक्षण और निर्देश
शुक्रवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक सुधार व बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए।
बियाडा के डीजीएम नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि तैयारियां की जा रही हैं और इसमें उद्यमियों, जीविका दीदियों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। डीएम ने अधिकारियों को समन्वय से काम करने और समय सीमा में सभी आधारभूत व तकनीकी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा।
सेज से होने वाले लाभ
कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र बियाडा के 125 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा। इससे पश्चिम चंपारण में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने, निवेश के नए अवसर पैदा होने और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बिहार में 120 करोड़ का बड़ा निवेश, कुमारबाग में लगेगा CBG प्लांट; 370 लोगों को मिलेगा रोजगार