यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Police: लापता युवक की खोज में लापरवाही, मुफस्सिल थानाध्यक्ष लाइन हाजिर; दारोगा सस्पेंड
बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अमित कुमार की गुमशुदगी और कंकाल मिलने के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई ...और पढ़ें

HighLights
- थानाध्यक्ष अभिराम सिंह लाइन हाजिर |
- दारोगा सतीश कुमार निलंबित |
- जांच में लापरवाही के आरोप |
जागरण संवाददाता, बेतिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनसरैया वार्ड 41 निवासी ललन महतो के पुत्र अमित कुमार (18) लापता होने और करीब दो माह बाद कंकाल मिलने के मामले में एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक अभिराम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
जबकि मुफस्सिल थाना के दारोगा सतीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। कांड के जांच में लापरवाही बरतने के मामले में एसपी ने यह कार्रवाई की है। एक साथ दो पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है।
सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि दारोगा को निलंबित किया गया है। जबकि थानाध्यक्ष को पुलिस लाइन में वापस बुला लिया गया है। बता दें कि विगत 27 मार्च को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सनसरैया वार्ड 41 निवासी ललन महतो के पुत्र अमित कुमार (18) लापता हो गया था।
इस मामले में उसके स्वजनों ने 30 मार्च को मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच दारोगा सतीश कुमार कर रहे थे। टावर डंप, सीआईडी विश्लेषण और मानवीय इनपुट के आधार पर गुमशुदा अमित कुमार के बारे में पुलिस को कुछ पता नहीं चला।
इसी बीच दो दिन पूर्व 31 मई को बैरिया थाना क्षेत्र के चंद्रावत नदी के किनारे से उसका कंकाल बरामद हुआ। स्वजनों ने कमर में लगे बेल्ट से शव की पहचान अमित कुमार के रूप में किया।
कंकाल बरामद होने के बाद अमित के स्वजनों ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष अभिराम सिंह व कांड के जांच अधिकारी सतीश कुमार पर लापरवाही बरतने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में एसपी ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई किया है।
मृतक के दोस्त और उसके पिता गिरफ्तार
सनसरैया गांव निवासी अमित कुमार को फोन कर घर बुलाकर टुकड़ा- टुकड़ा में काटकर शव को झाड़ी में फेंकने के मामले में पुलिस ने उसके गांव के ही पिता पुत्र को गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि सन सरैया निवासी राजू मियां व राजू के पिता फूल मोहम्मद मियां को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस डीएनए जांच के लिए शव को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखवा दी है।
मृतक की मां रामावती देवी और बहन अनीशा देवी ने आरोप लगाया था कि 27 मार्च की शाम राजू ने अमित को फोन कर घर से बुलाया था। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। स्वजनों ने उन पर हत्या करने की आशंका जताई। जिसके बाद पुलिस दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर ली है।
