West Champaran : अब मोबाइल से होगी दाखिल-खारिज से संबंधी मामलों की ऑनलाइन सुनवाई, रैयतों को मिलेगी राहत
नौतन अंचल कार्यालय ने भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल शुरू की है, जहां रैयत अब मोबाइल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आनलाइन सुनवाई के दौरान कार्यालय में उपस्थित सीओ अलका कुमारी। जागरण
HighLights
नौतन अंचल कार्यालय ने भूमि संबंधी समस्याओं के लिए ऑनलाइन सुनवाई शुरू की।
रैयत अब मोबाइल से घर बैठे लगान, दाखिल-खारिज के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई होगी, जिससे समय और भागदौड़ बचेगी।
प्रदीप दुबे, नौतन (पश्चिम चंपारण)। भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नौतन अंचल कार्यालय ने नई पहल शुरू की है। अब रैयतों को जमीन से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है।
वे एंड्रायड मोबाइल के माध्यम से घर बैठे लगान निर्धारण, अतिक्रमण वाद, दाखिल-खारिज समेत अन्य मामलों के लिए आनलाइन आवेदन कर रहे हैं।
आवेदन प्राप्त होने के बाद अंचल न्यायालय की ओर से सुनवाई की तिथि निर्धारित हो रही। इसकी सूचना आवेदक के मोबाइल पर जाता है। अगर आवेदक वीडियो कान्फ्रेंसिंग से सुनवाई की इच्छा जाहिर करते हैं तो लिंक भी दिया जाता है।
हालांकि रैयतों को अभी इस नई व्यवस्था की पूरी जानकारी नहीं है। सीओ अलका कुमारी ने बताया कि निर्धारित तिथि पर रैयत घर से ही लिंक के माध्यम से वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़कर अपना पक्ष रख सकेंगे। दोनों पक्षों की ऑनलाइन उपस्थिति के बाद सुनवाई की जाएगी। इससे रैयतों को समय और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
सितंबर से शुरू हुई सुविधा
सरकार की ओर से रैयतों को भीड़ और कार्यालय की भागदौड़ से बचाने के लिए जिले के सभी अंचलों में यह सुविधा शुरू की गई है। ऑनलाइन आवेदन के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रैयत अपनी सुनवाई में शामिल होकर अपना पक्ष रख सकेंगे।
संबंधित कागजात भी ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।वादों के आसानी से निपटारे के लिए वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की सुविधा शुरू की गई है। यह पहल सितंबर से शुरू हुई है। जानकारी के अभाव में अभी कम लोग ही ऑनलाइन आवेदन कर पा रहे हैं।
आधा दर्जन से अधिक लोग ले चुके हैं लाभ
अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दाखिल-खारिज में आ रही बाधा को लेकर ऑनलाइन आवेदन किया है। तेल्हुआ की रूखसाना खातून ने बताया कि मोबाइल से आनलाइन आवेदन की हैं। उनको वाद की सुनवाई की तिथि भी मिल चुकी है।
अगर सुविधा मिलेगी तो वे वीडियोकान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगी। पर्वतीय टोला के प्रदीप पटेल ने बताया कि वाद की सुनवाई के लिए आनलाइन आवेदन दिए हैं।
वहीं खापटोला की रिंकी देवी और शिवराजपुर के नेसार अहमद ने दाखिल-खारिज से जुड़ी समस्याओं को लेकर ऑनलाइन आवेदन किया है। इन्हें अगली सुनवाई की तिथि भी मिल चुकी है।
नौतन के कई पंचायतों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाने के कारण इस नई व्यवस्था को लेकर अभी जागरुकता नहीं है। फिर भी कई लोग मोबाइल से आनलाइन आवेदन किए हैं। उनकी सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी।
-- अलका कुमारी, सीओ, नौतन
यह भी पढ़ें- बिहार भूमि अभिलेख पोर्टल से नामांतरण दस्तावेज गायब, पश्चिमी चंपारण में सरकारी अभियान को झटका
