नरकटियागंज के निजी क्लीनिक में गर्भ में मृत बच्चे को निकालने के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
नरकटियागंज के शुक्ला क्लीनिक में गर्भ में मृत बच्चे को निकालने के दौरान 25 वर्षीय गर्भवती महिला सलमा खातून की ...और पढ़ें

महिला की मौत के बाद प्राइवेट क्लीनिक पर हंगामा करते स्वजन। जागरण
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Narkatiaganj Clinic Death: जिले के नरकटियागंज अंतर्गत पुरानी बाजार (वार्ड संख्या-2) स्थित शुक्ला क्लीनिक में शनिवार को इलाज के दौरान एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने क्लीनिक के बाहर जमकर हंगामा किया और पूरे परिसर का घेराव कर दिया।
मृतका की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के घोड़पकड़ी गांव निवासी रेयाज अहमद की पत्नी सलमा खातून (25) के रूप में की गई है।
स्वजनों ने बताया कि चिकित्सीय जांच में पांच माह के गर्भ में ही बच्चे की मौत की बात सामने आई थी। इसके बाद वे मृत बच्चे को निकालने और डीएनसी कराने के लिए महिला को शुक्ला क्लीनिक लेकर आए थे।
परिजनों के अनुसार, शुरुआती बातचीत में डीएनसी के लिए 14 हजार रुपये तय हुए थे, जिसमें से 11 हजार रुपये जमा भी कर दिए गए थे।
आरोप है कि इसके बाद कथित चिकित्सक ने डीएनसी को असुरक्षित बताते हुए सर्जरी की आवश्यकता जताई और 25 हजार रुपये की मांग की। स्वजनों की सहमति के बाद महिला का ऑपरेशन शुरू किया गया, जिस दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की स्थिति बिगड़ने और मौत होने के बाद क्लीनिक प्रबंधन ने उसे एंबुलेंस से बाहर भेजने का बहाना बनाया। इसी अफरा-तफरी के दौरान क्लीनिक संचालक और सभी कर्मी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और जांच के बाद नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
