बगहा में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, स्वजन बोले-हालत बिगड़ने पर भी नहीं किया रेफर
मधुबनी की एक महिला की तमकुहा स्थित आराध्या हेल्थ केयर अस्पताल में बवासीर के ऑपरेशन के एक सप्ताह बाद मौत ...और पढ़ें

महिला की मौत के बाद मौके पर जुटी स्थानीय लोगों कीे भीड़।
संवाद सूत्र, मधुबनी । धनहा थाना क्षेत्र के तमकुहा स्थित आराध्या हेल्थ केयर अस्पताल में बवासीर के ऑपरेशन के करीब एक सप्ताह बाद बुधवार की शाम एक महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
महिला की मौत से आक्रोशित स्वजन ने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक के मौके से फरार होने की बात सामने आई। सूचना पर पहुंची धनहा थाना पुलिस ने स्वजन को समझाकर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
मृतका की पहचान मधुबनी खैरा टोला निवासी दिनेश चौधरी की पत्नी बंधुई देवी (38) के रूप में हुई है। स्वजन के अनुसार बंधुई देवी को बवासीर की शिकायत थी। इलाज के लिए उन्हें तमकुहा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पति विदेश में रहते हैं। चिकित्सक अमित चौहान ने जांच के बाद महिला का ऑपरेशन किया था।
स्वजन का आरोप है कि ऑपरेशन के दो दिन बाद बंधुई देवी को उल्टी होने लगी और उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। हालत खराब होने पर चिकित्सक से महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की मांग की, लेकिन रेफर नहीं किया गया। इसके बाद बुधवार की शाम महिला की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और इलाज के संबंध में जानकारी मांगी। स्वजन का आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी बीच अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक के वहां से चले जाने की जानकारी मिली। इससे आक्रोशित स्वजन ने हंगामा शुरू कर दिया।
उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वजन को समझाकर शांत कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
