नरकटियागंज में साउंड सिस्टम जब्त होने से दुर्गा पूजा पंडालों में ठप हुई आरती, श्रद्धालुओं का भारी विरोध
नरकटियागंज में दुर्गा पूजा के दौरान साउंड सिस्टम जब्त किए जाने से श्रद्धालु भड़क गए और उन्होंने पूजा-अर्चना रोककर विरोध ...और पढ़ें

साउंड सिस्टम जब्ती के दौरान जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच साउंड सिस्टम जब्त किए जाने की कार्रवाई ने नरकटियागंज में विवाद खड़ा कर दिया। देवी स्थान मंदिर प्रांगण स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में प्रशासन की कार्रवाई से नाराज श्रद्धालुओं ने रविवार को पूजा-अर्चना रोक दी।
पंडाल का गेट बंद कर दिया गया और लोग सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। देखते ही देखते दूसरे पूजा पंडालों की समितियां भी समर्थन में उतर आईं। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
साउंड सिस्टम जब्त करने पर नाराजगी
देवी स्थान पूजा समिति के सदस्यों ने प्रशासन की कार्रवाई को ज्यादती बताते हुए विरोध जताया। उनका कहना था कि पंडाल में डीजे नहीं बजाया जा रहा था।
साउंड बॉक्स के माध्यम से कम आवाज में श्रद्धालुओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और देवी-देवताओं से जुड़े कार्यक्रम दिखाए जा रहे थे। इसी दौरान नरकटियागंज के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। उनके आदेश पर साउंड सिस्टम जब्त कर लिया गया। इसी कार्रवाई के बाद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए।
पूजा बंद कर सड़क पर उतरे लोग
कार्रवाई के विरोध में श्रद्धालुओं ने पूजा पंडाल का गेट बंद कर दिया और पूजा-अर्चना ठप कर दी। लोग पंडाल के सामने सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
विरोध की गूंज दूसरे पूजा पंडालों तक भी पहुंची। गौशाला प्रांगण पूजा समिति के सदस्यों ने भी पूजा बंद कर अपना आक्रोश जताया। इससे विवाद ने व्यापक रूप ले लिया।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलने पर बीडीओ सूरज कुमार सिंह, सीओ शमन प्रकाश और शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित श्रद्धालुओं और पूजा समिति के सदस्यों को समझाने का प्रयास किया।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। प्रशासन और पूजा समिति के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश जारी थी।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के मां बगलामुखी मंदिर में क्यों चढ़ाया जाता है हल्दी और दही, यहां गुरुवार का विशेष महत्व
