विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलाव की चिंगारी ने उजाड़ दी चार परिवारों की गृहस्थी, चार घर राख

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:26 AM (IST)

पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज में अलाव की चिंगारी से लगी आग ने चार परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. नरकटियागंज में अलाव की चिंगारी से लगी भीषण आग।

  2. चार परिवारों की गृहस्थी तबाह, 15 लाख का नुकसान।

  3. 25 बकरियां और अन्य पशु जलकर मरे, बेघर हुए परिवार।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। नरकटियागंज के कुंडीलपुर पंचायत के बरगजवा परती टोला वार्ड चार में शुक्रवार की रात मवेशियों के लिए अलाव की चिंगारी से लगी आग ने चार परिवारों की पूरी गृहस्थी तबाह कर दी है।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, सकील मियां, हारुण मियां, जमील मियां और वकील मियां की झोपड़ियां आग की चपेट में आ चुकी थीं।

देखते ही देखते घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग में 25 बकरियां और कई मुर्गा-मुर्गियां जलकर मर गईं। वहीं एक भैंस और एक बैल भी आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं।

पीड़ितों के अनुसार, घरों में रखा धान-चावल, कपड़े, बिछावन, चौकी, बाइक, साइकिल, गहने और नकदी समेत गृहस्थी का कोई सामान नहीं बचा। घटना में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग बुझने के बाद चारों परिवारों के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। मुखिया प्रतिनिधि अभय कुमार सिंह ने बताया कि आग से चार घर पूरी तरह जल गए हैं। घटना की सूचना थाना और अंचल प्रशासन को दे दी गई है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में NH28 पर ट्रक बना 'आग का गोला', लाखों का कॉस्मेटिक सामान जलकर खाक; बाल-बाल बचे ड्राइवर-खलासी