पश्चिम चंपारण में पेड़ पर लटक रहा था लाल बत्ती वाला यंत्र, ग्रामीणों को लगा बम
पश्चिम चंपारण के विशुनपुरवा गांव में एक आम के पेड़ से लाल बत्ती वाला संदिग्ध यंत्र लटका मिला, जिससे ग्रामीणों ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के सिकटा में पेड़ पर लटका यंत्र।
HighLights
पश्चिम चंपारण में पेड़ पर संदिग्ध यंत्र लटका मिला।
ग्रामीणों को बम होने का संदेह, लाल बत्ती जल रही थी।
पुलिस जांच में यह मौसम अवलोकन उपकरण साबित हुआ।
संवाद सूत्र, सिकटा (पश्चिम चंपारण)। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले कंगली थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा गांव के पास रविवार की सुबह धुतहां नदी के किनारे पेड़ से लटकते एक संदिग्ध यंत्र को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।
आम के पेड़ पर रेशम के धागे से मोबाइल के आकार का सफेद यंत्र लटका हुआ था। उसमें लाल बत्ती जल रही थी। इसे देखकर ग्रामीणों को बम होने की आशंका हुई। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद यंत्र के मौसम संबंधी अवलोकन के लिए इस्तेमाल होने की जानकारी मिली, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार, विशुनपुरवा निवासी उपेंद्र पासवान के आम के पेड़ पर लटके इस यंत्र को रविवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा। उस समय कुछ लोग शौच के लिए धुतहां नदी के किनारे गए थे। पेड़ पर लाल बत्ती जलते देख लोगों ने बम होने की आशंका जताई।
सूचना मिलने पर कंगली थानाध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यंत्र को सावधानीपूर्वक पेड़ से नीचे उतरवाया। यंत्र पर लिखे संदेश में बताया गया था कि यह ऊपरी वायुमंडल में मौसम संबंधी अवलोकन के लिए इस्तेमाल होने वाला डिस्पोजेबल उपकरण है और हानिकारक नहीं है। इसके बाद पुलिस ने यंत्र को सुरक्षित रख लिया।
मौसम विभाग को भेजा जाएगा यंत्र
कंगली थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि कोरिया निर्मित डब्लू एक्स आर 30 आईडी माडल के यंत्र पर वेथेक्स कंपनी लिमिटेड का रेडियोडोड अंकित था। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मौसम पूर्वानुमान के लिए इस उपकरण को छोड़ा गया था।
यह नीचे गिरकर आम के पेड़ में लटक गया था। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इसे सुरक्षित रखा गया है। निर्देशानुसार इसे भारत मौसम विज्ञान विभाग को भेजा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Bihar News : बगहा में रात को दिल का दौरा पड़ा तो दवा के लिए करना होगा सुबह का इंतजार!
