डोली पर सवार होकर आई मां शेरावाली, निकली शोभायात्रा
बेतिया। प्रेम से बोलो जय माता दी शेरावाली मैया की जय अंबे भवानी की जय दुर्गा मैया की जय जैसे मां भगवती के जयघोष व देवी माता के गीतों से पूरा प्रखंड क्षेत्र भक्तिमय माहौल में गुंजायमान हो गया।
बेतिया। प्रेम से बोलो जय माता दी, शेरावाली मैया की जय, अंबे भवानी की जय, दुर्गा मैया की जय जैसे मां भगवती के जयघोष व देवी माता के गीतों से पूरा प्रखंड क्षेत्र भक्तिमय माहौल में गुंजायमान हो गया। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां दुर्गा की डोली यात्रा निकाली गयी। जो काफी आकर्षक रही। इस डोली यात्रा को देखने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकल कर सड़क के दोनों किनारे खड़े हो गये।
मैनाटांड़, संवाद सहयोगी के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण एवं देवी के जयघोष के साथ शनिवार को नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि मां दुर्गा की पूजा की गई। प्रखंड मुख्यालय, मरजदवा, इनरवा, पिडारी, लक्ष्मीपुर, भंगहा, बिरंचि, धोकराहा, रामपुर, डमरापुर, रमपुरवा, भेडिहरवा, पुरुषोत्तमपुर, मधुरी, सूखलही, चौहट्टा आदि स्थानों पर मां भगवती की पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर मैनाटांड़ थाना चौक, दुर्गा मंदिर प्रांगण से माता का डोली यात्रा निकाली गई।
सिकटा, संवाद सूत्र के अनुसार शारदीय नवरात्र के सांतवें दिन माता रानी के बुलावे को लेकर भव्य डोली यात्रा निकाली गई। इस बीच हजारों देवी भक्तों ने जय माता दी जयकारों के साथ दुर्गा रूपी बेल प्राप्त कर डोली में स्थापित कर पूजा मंडप लाये। धनकुटवा में श्रद्धालुओं ने भव्य डोली यात्रा निकाली।
बैरिया, संवाद सूत्र के अनुसार विभिन्न पंडालों से मां की डोली बड़ी धूमधाम से आई। डोली यात्रा में महिलाओं की भीड़ देखी गई। पूजा पंडाल बगाही, रनहां, पखनाहा बाजार, तुमकड़ियां, घोड़हिया बांध, बघम्बरपुर, लौकरिया, बैरिया इत्यादि मां दुर्गा पंडालों से डोली आई। वही घोड़हिया बांध पर बने मां दुर्गा की प्रतिमा से शनिवार को डोली निकाली गई। डोली रनहां होते हुए सिद्धपीठ पटजिरवा देवी स्थान पहुंचे।