पश्चिम चंपारण: 9 दिन से लापता छात्र का गन्ने के खेत से मिला कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान
पश्चिम चंपारण के रामनगर में 12 अक्टूबर से लापता 13 वर्षीय छात्र शिब्बू खान का नर कंकाल सोमवार को गन्ने के खेत से बरामद हुआ।

छात्र का गन्ने के खेत से मिला कंकाल
HighLights
12 अक्टूबर से लापता छात्र शिब्बू का कंकाल मिला।
गन्ने के खेत में मिला, कपड़ों से हुई पहचान।
पुलिस कार्रवाई में देरी पर परिजनों ने किया प्रदर्शन।
संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिमी चंपारण)। मध्य विद्यालय मठिया से 12 अक्टूबर को गायब किशोर शिब्बू खान (13 वर्षीय) का नर कंकाल सोमवार को दोन नहर के पास गन्ने के खेत से बरामद किया गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्वजन ने कपड़े और चप्पल के आधार पर कंकाल की पहचान की।
किशोर का कंकाल मिलने और पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज स्वजन व ग्रामीणों ने रामरेखा नदी पुल पर धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब एक घंटे तक सड़क पर विरोध जताया। पुलिस द्वारा काफी समझाने के बाद प्रदर्शनकारी पुल से हटने को तैयार हुए। उसके बाद स्वजन और ग्रामीण थाना पहुंचे और वहां भी पुलिस के खिलाफ विरोध जताया।
12 अक्टूबर को गायब हुआ था शिब्बू
एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने स्वजन को आश्वासन दिया कि मामले से जुड़े लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही उन्हें कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के साथ अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रहे हैं। घटना 12 अक्टूबर की है। मेघवल गांव निवासी अमानुल्लाह खान का पुत्र शिब्बू खान राजकीय मध्य विद्यालय मठिया में छठी कक्षा का छात्र था।
स्वजन ने उसी दिन थाने में आवेदन दिया
12 अक्टूबर को दोपहर में किताब विद्यालय में छोड़कर वह गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। स्वजन ने उसी दिन थाने में आवेदन दिया था।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों को ग्रामीणों एवं उसके घर वालों के विरोध का सामना भी करना पड़ा। घर वालों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उसने त्वरित कार्रवाई नहीं की। इस वजह से किशोर की जान गई। शिब्बू खान चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था।
सोमवार को खेत की तरफ घास लेने गई महिलाओं ने नरकंकाल को देखा। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने स्थल का मुआयना किया। कई साक्ष्य एकत्र किए। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि कंकाल बरामद हुआ है। अनुसंधान चल रहा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
