विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण के दियारा में तेंदुए का आतंक, भेड़ पर किया जानलेवा हमला, दहशत में ग्रामीण 

Published: Thu, 02 Jul 2026 07:29 PM (GMT+05:30)

पश्चिम चंपारण के पिपरासी दियारा में तेंदुए के हमले में एक भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे पूरे ...और पढ़ें

पिपरासी के जंगल में पिंजरा लगात वनकर्मी।

पिपरासी के जंगल में पिंजरा लगात वनकर्मी।

HighLights

  1. पिपरासी दियारा में तेंदुए ने भेड़ पर हमला कर घायल किया।

  2. ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की।

  3. वन विभाग ने टीम भेजकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया।

संवाद सूत्र, पिपरासी (पश्चिम चंपारण)। बिहार में पिपरासी थाना क्षेत्र के सेमरा लबेदाहा पंचायत अंतर्गत टिकरा दियारा गांव में तेंदुए के हमले में एक भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल भेड़ का इलाज बगहा में कराया जा रहा है। भेड़ स्थानीय पशुपालक मुखलाल यादव की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे दियारा क्षेत्र में दहशत है और ग्रामीणों में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता गहरा गई है।

दियारा में लगातार देखी जा रही तेंदुए की चहलकदमी

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिपरासी दियारा में पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार चहलकदमी देखी जा रही है। इससे पहले सेमरा लबेदाहा निवासी झपसी यादव के भैंस के बछड़े को तेंदुए ने मार डाला था।

वहीं बउक बैठा गांव के एक घोठा में घुसकर तेंदुए ने एक बकरी का भी शिकार किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से पशुपालकों में भय है।

पकड़कर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर सुरक्षित रूप से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ने की मांग की है।

उनका कहना है कि भोजन की तलाश में मदनपुर वन क्षेत्र से तेंदुआ बार-बार दियारा इलाके में पहुंच रहा है, जिससे लोगों और मवेशियों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

वनकर्मियों की टीम को पिंजरे के साथ क्षेत्र में भेजा गया

बगहा वन क्षेत्राधिकारी श्रीमान मालाकार ने बताया कि भेड़ पर हमले की आधिकारिक सूचना अभी तक प्राप्त नहीं हुई है । हालांकि पिपरासी दियारा में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वनकर्मियों की टीम को पिंजरे के साथ क्षेत्र में भेजा गया है ।

उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पीड़ित पशुपालक द्वारा आवेदन दिए जाने पर नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।