विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के युवाओं को मिलेगा रोजगार, कुमारबाग में 117 करोड़ से बनेगा औद्योगिक हब

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:21 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र को 125 एकड़ में 117 करोड़ रुपये की लागत से विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह सेज 25-30 औद्योगिक इकाइयों को आकर्षित कर निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देगा।

पश्चिम चंपारण में सेज परिसर में निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन। जागरण

पश्चिम चंपारण में सेज परिसर में निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन। जागरण

HighLights

  1. कुमारबाग में 125 एकड़ में 117 करोड़ का सेज विकास।

  2. 25-30 औद्योगिक इकाइयां, निवेश और रोजगार के अवसर।

  3. उद्यमियों को कर रियायतें, आधुनिक निर्यात सुविधाएं मिलेंगी।

आलोक कुमार, चनपटिया (पश्चिम चंपारण)। कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र को निवेश और निर्यात के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए यहां करीब 125 एकड़ भूमि में 117 करोड़ रुपये की लागत से स्पेशल इकोनॉमिक जोन (सेज) विकसित किया जा रहा है।

फिलवक्त, बाउंड्री का निर्माण कराया गया है। इस विशेष आर्थिक क्षेत्र में करीब 25 से 30 औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना है। इससे पश्चिम चंपारण में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

सेज को बहु-क्षेत्रीय और निर्यात आधारित औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को निर्धारित नियमों के तहत कर संबंधी रियायतें और कई प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्राविधान है।

निर्यात कारोबार को मिलेगी रफ्तार

सेज में तैयार होने वाले उत्पादों को देश के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत कंटेनर यार्ड और बेहतर संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

कंटेनर यार्ड बनने से औद्योगिक इकाइयों के तैयार उत्पादों की ढुलाई और निर्यात की प्रक्रिया आसान होगी। वहीं, कस्टम सह प्रशासनिक भवन के माध्यम से उद्यमियों को सीमा शुल्क और निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य कुमारबाग को निर्यात आधारित औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना है।

उद्यमियों को मिलेगी कर में रियायत

सेज में उद्योग स्थापित करने वाले पात्र उद्यमियों को निर्धारित प्राविधानों के तहत आयात-निर्यात शुल्क में छूट और जीएसटी संबंधी लाभ मिलेंगे। सेज को की जाने वाली पात्र आपूर्ति जीएसटी कानून के तहत जीरो रेटेड श्रेणी में आती है। इसके अलावा लागू नियमों और पात्रता के अनुसार आयकर संबंधी रियायतों का भी प्राविधान है।

कच्चे माल, मशीनरी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के आयात पर सीमा शुल्क में निर्धारित छूट मिलने से उद्योगों की लागत कम करने में मदद मिलेगी। सिंगल-विंडो क्लियरेंस की व्यवस्था से उद्यमियों को विभिन्न विभागों की अनुमतियां और स्वीकृतियां एक ही माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

33 केवी सब-स्टेशन से मिलेगी बिजली

औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए परिसर में 33 केवी का पावर सब-स्टेशन बनाया जाएगा। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 100 किलोवाट क्षमता का सोलर ग्रिड भी स्थापित करने की योजना है। इ

सके अलावा सड़क, पेयजल, संचार और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। परिसर में भूमिगत डक्ट, भूमिगत सीवरेज नेटवर्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और औद्योगिक अपशिष्ट जल के शोधन के लिए एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था होगी। मालवाहक वाहनों के वजन के लिए वे-ब्रिज भी बनाया जाएगा।

सुरक्षा से लेकर कर्मचारियों की सुविधा का इंतजाम

सेज परिसर में सुरक्षा के लिए 24 घंटे निगरानी वाला एकीकृत सर्विलांस सिस्टम विकसित किया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक अग्निशमन प्रणाली और केंद्रीय अग्निशमन नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए कैंटीन भवन, परिसर में हरियाली और सुव्यवस्थित सड़कें विकसित की जाएंगी।

स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कुमारबाग सेज में 25 से 30 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से जिले में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। उद्योगों के संचालन से प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा परिवहन, पैकेजिंग, भंडारण, लोडिंग-अनलोडिंग और आपूर्ति से जुड़े सहायक कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है। इससे कुमारबाग के साथ आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, परियोजना का वास्तविक लाभ उद्योगों की स्थापना, निवेश और उत्पादन शुरू होने के बाद ही सामने आएगा।

कुमारबाग में स्पेशल इकोनामिक जोन (सेज) का विकास जिले के औद्योगिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे जिले में निवेश के नए अवसर सृजित होंगे और निर्यात आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

-

-- तरनजोत सिंह, डीएम, पश्चिम चंपारण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।