विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में तिरहुत नहर किनारे दिखा विशाल मगरमच्छ, चौतरवा के ग्रामीणों में दहशत

Published: Thu, 02 Jul 2026 11:35 AM (GMT+05:30)

Bihar Wildlife: पश्चिम चंपारण के बगहा अनुमंडल के चौतरवा में तिरहुत गंडक नहर किनारे एक विशाल मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, चौतरवा(पश्चिम चंपारण)। West Champaran Crocodile : पश्चिम चंपारण के बगहा अनुमंडल अंतर्गत चौतरवा में तिरहुत गंडक नहर के किनारे गुरुवार सुबह एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई।

नहर के चौतरवा पुल के समीप मगरमच्छ के काफी देर तक बाहर रहने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

युवक ने सबसे पहले देखा

जानकारी के अनुसार, चौतरवा के ओली मियां टोला निवासी साहेब अली सुबह टहलने के लिए नहर किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी से बाहर निकलकर सूखी मिट्टी पर बैठे एक विशाल मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ करीब आधे घंटे तक नहर के किनारे बैठा रहा। लोगों की हलचल बढ़ने के कुछ समय बाद वह दोबारा पानी में उतर गया। घटना की जानकारी तेजी से पूरे इलाके में फैल गई और मगरमच्छ को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।

वन विभाग से की कार्रवाई की मांग

मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि नहर किनारे हर दिन सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण टहलने और अन्य दैनिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय थाना को सूचना देकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पहले भी सामने आ चुका मामला

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब तिरहुत गंडक नहर में मगरमच्छ दिखाई दिया हो। करीब एक वर्ष पहले भी इसी नहर में चार बड़े मगरमच्छ देखे गए थे।

उस समय भी क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। ताजा घटना के बाद लोगों ने नहर क्षेत्र की नियमित निगरानी और वन विभाग की सक्रियता बढ़ाने की मांग की है।