विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बारिश से गंडक में उफान, बिहार और यूपी को जोड़ने वाली सड़क पर बह रहा 2 से 3 फीट पानी

Published: Mon, 28 Sep 2026 06:29 PM (IST)

Bihar UP Border Flood : नेपाल में लगातार बारिश से गंडक नदी उफान पर है, जिससे बिहार-यूपी सीमा पर मदनपुर-पनियहवा ...और पढ़ें

Gandak River Flood : मदनपुर-पनियहवा मुख्य सड़क पर बह रहा गंडक का पानी । जागरण

Gandak River Flood : मदनपुर-पनियहवा मुख्य सड़क पर बह रहा गंडक का पानी । जागरण

HighLights

  1. नेपाल की बारिश से गंडक नदी में बढ़ा जलस्तर।

  2. मदनपुर-पनियहवा मुख्य सड़क पर दो-तीन फीट पानी।

  3. बिहार-यूपी के बीच आवागमन नाव-ट्रैक्टर से।

पंचायत सूत्र, नौरंगिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Flood :नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार-यूपी सीमा पर भी साफ दिखने लगा है। गंडक नदी के उफान के कारण मदनपुर-पनियहवा मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट पानी बह रहा है।

सड़क जलमग्न होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर वाहन चलने के बजाय स्थानीय लोग नाव और ट्रैक्टर-ट्राली के सहारे यात्रियों को पार करा रहे हैं।

रेलवे गुमटी के पास जलजमाव

मदनपुर-पनियहवा मुख्य सड़क पर रेलवे गुमटी के समीप बाढ़ का पानी फैल गया है। देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया।

पानी की तेज धार के कारण बाइक और छोटे वाहनों का परिचालन बंद हो गया है। सड़क पर दो से तीन फीट पानी बहने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।

नाव-ट्रैक्टर से पार कराए जा रहे लोग

आवागमन बाधित होने के बाद स्थानीय लोग यात्रियों की मदद के लिए आगे आए हैं। नाव और ट्रैक्टर-ट्राली के सहारे बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को पानी पार कराया जा रहा है। वहीं, बड़े वाहनों की सड़क के दोनों ओर लंबी कतार लग गई है। इससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है।

गंडक के उफान से बिगड़े हालात

ग्रामीण अच्छेलाल यादव, राज कुमार, मदन यादव, राकेश कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि गंडक नदी में पानी बढ़ने के कारण बाढ़ का पानी सड़क पर फैल गया है। जंगल के रास्ते पानी मुख्य सड़क तक पहुंच गया है। इससे सड़क पर आवाजाही बंद हो गई है।

नेपाल की बारिश से बढ़ी परेशानी

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण गंडक समेत पहाड़ी नदियां उफान पर हैं। नदी में अत्यधिक पानी आने से आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर बिहार-यूपी सीमा को जोड़ने वाली मदनपुर-पनियहवा सड़क पर पड़ा है। आवागमन ठप होने से दोनों राज्यों के बीच आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम चंपारण के शिवाघाट पुल के पास धंसने लगी सड़क, रेन कट से मार्ग क्षतिग्रस्त

यह भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ ने बिहार के सिकटा में मचाई तबाही, टूटा सुरक्षा बांध, 50 एकड़ धान डूबा