पश्चिम चंपारण के शिवाघाट पुल के पास धंसने लगी सड़क, रेन कट से मार्ग क्षतिग्रस्त
पश्चिम चंपारण में लगातार बारिश से बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग पर शिवाघाट स्थित सिकरहना पुल के पास सड़क धंसने लगी है। ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में रेनकट में टूटी सड़क। जागरण
HighLights
लगातार बारिश से शिवाघाट पुल के पास सड़क धंसने लगी।
रेन कट के कारण सड़क का किनारा कमजोर, मिट्टी बह रही।
बेतिया-मैनाटांड़ मार्ग महत्वपूर्ण, जल्द मरम्मत की मांग।
संवाद सूत्र, चनपटिया (पश्चिम चंपारण)। लगातार हो रही बारिश अब बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। शिवाघाट स्थित सिकरहना पुल के पास सड़क जगह-जगह धंसने लगी है।
सड़क के किनारे बने रेन कट से मिट्टी कटकर बह रही है, जिससे मार्ग के किनारे का हिस्सा कमजोर होता जा रहा है। समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो आवागमन पर संकट गहरा सकता है।
पुल के पास धंस रहा किनारा
शिवाघाट के पार सिकरहना पुल के समीप सड़क के धंसने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के कारण सड़क के किनारे कई स्थानों पर गहरी कटाव की स्थिति बन गई है।
सड़क का किनारा टूटने से वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश जारी रही तो क्षतिग्रस्त हिस्सा और बढ़ सकता है।
टेंगरहिया में भी रेन कट
टेंगरहिया गांव के पास भी बारिश के कारण सड़क के किनारे रेन कट हो गया है। इससे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क के किनारे की मिट्टी तेजी से कट रही है।
नेपाल सीमा तक जोड़ता है मार्ग
बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यह बेतिया को सिकटा, मैनाटांड़, इनरवा सहित नेपाल सीमा क्षेत्र से जोड़ता है। प्रतिदिन इस मार्ग से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क और अधिक धंसने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विभाग को भेजी जाएगी सूचना
ग्रामीण अशोक चौधरी, काली पटेल, मुन्ना साह, शिवनाथ साह, सुजीत साह, रिंकू ओझा और राजा यादव समेत अन्य लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की। अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। संबंधित विभाग को इसकी सूचना भेजी जाएगी।
