बेतिया में गंडक नदी का चंपारण तटबंध टूटा, फुलियाखांड़ में खेतों में घुसा पानी; NDRF की टीम तैनात
बेतिया के बैरिया प्रखंड में गंडक नदी का चंपारण तटबंध पाइपिंग और ओवरटॉपिंग के कारण टूट गया, जिससे फुलियाखांड़ और शामपुर गांवों के खेतों में पानी फैल गया।

नौतन के फुलियाखड़ में चंपारण तटबंध टूटा। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
बेतिया में गंडक नदी का चंपारण तटबंध क्षतिग्रस्त हुआ।
फुलियाखांड़ और शामपुर गांवों के खेतों में पानी फैला।
एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम राहत कार्य में जुटी।
जागरण संवाददाता, बेतिया। बैरिया प्रखंड क्षेत्र के फुलियाखांड़ गांव के समीप गंडक नदी के बाएं चंपारण तटबंध में अचानक पाइपिंग और ओवरटॉपिंग के कारण मंगलवार करीब तीन बजे लगभग पांच मीटर की चौड़ाई में तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया।
तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बाद नदी का पानी खेतों में फैलने लगा है। इससे फुलियाखांड़, शामपुर गांव के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तटबंध की मरम्मत शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
30 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम मौजूद
जिला प्रशासन के अनुसार, एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम भी मौके पर मौजूद है। संभावित प्रभावित निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा जलस्तर और मार्ग की स्थिति की जानकारी लिए बिना प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन नहीं करने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06254-247002 और 06254-247003 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
