पायलट चैनल के प्राक्कलन में बदलाव बर्दाश्त नहीं : विधायक
वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक राजेश सिंह ने ठकराहा के बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों का हाल जाना।
बगहा। वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक राजेश सिंह ने ठकराहा के बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों का हाल जाना। श्री सिंह ने पीपी तटबंध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों से उनकी स्थिति जानी और अविलंब राहत सामग्री वितरण कराने के लिए दूरभाष पर पदाधिकारियों से बात की। उन्होंने मोतीपुर के उमा टोला, शेरा टोला, हरख टोला, खान टोला आदि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण नाव से किया। साथ ही पीपी तटबंध के जीएच प्रभाग का जायजा लेते हुए कहा कि आज जिन विभिन्न प्वाइंट पर दबाव बन रहा है उसका कारण पूर्व में विभाग द्वारा कराए गए पाइलट चैनल कार्य में अनियमितता है। पायलट चैनल के एस्टीमेट में छेड़छाड़ कर स्वीकृति के विरुद्ध कार्य किया गया। चैनल को रतवल-धनहा पुल के 42 नंबर पाए से निकालना था जबकि 36 नंबर पाया से निकाला गया है। इससे क्षेत्र के तटबंधों पर पानी का दबाव बढ़ गया। यदि इसकी जांच कर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो न्यायालय का दरवाजा खटखटायेंगे।