ठकराहां के दर्जन भर गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
नेपाल में लगातार बारिश के बाद बौराई गंडक का पानी ठकराहा के कई गांवों में प्रवेश कर गया है। करीब दर्जन भर गांव बाढ़ प्रभावित हैं। प्रखंड के धूमनगर पंचायत के भरपटिया व धूमनगर में बाढ़ का पानी घुस गया है। कुछ लोग पीपी तटबंध पर शरण लिए हैं वहीं कुछ ऊंचे स्थान की तलाश में हैं।
बगहा। नेपाल में लगातार बारिश के बाद बौराई गंडक का पानी ठकराहा के कई गांवों में प्रवेश कर गया है। करीब दर्जन भर गांव बाढ़ प्रभावित हैं। प्रखंड के धूमनगर पंचायत के भरपटिया व धूमनगर में बाढ़ का पानी घुस गया है। कुछ लोग पीपी तटबंध पर शरण लिए हैं वहीं कुछ ऊंचे स्थान की तलाश में हैं। बाढ़ के पानी ने लगभग आधा दर्जन झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया है। मोतीपुर पंचायत के नैतन, गुरवलिया, भगवानपुर, शेरा टोला, उमा टोला, हरख टोला आदि गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है जिससे ग्रामीण पलायन कर रहे हैं। बाढ़ का पानी घुस जाने से लोगों की रात की नींद भी उड़ गई है। बावजूद विभाग व प्रशासन की ओर से ना ही नाव की व्यवस्था की गई है और न ही कोई मदद की गई है। इसे लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीण अनमोल राम, संजीत मिश्र, ललन यादव, छट्ठू राम, रामायण राम आदि ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से अविलंब नाव की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि हम यहां बाढ़ के पानी से तबाह हैं लेकिन हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। वहीं मोतीपुर पंचायत के मुखिया सुरेंद्र यादव ने बताया कि यहां के आधा दर्जन गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। लोग पीपी तटबंध पर शरण लेकर रह रहे हैं। इसकी जानकारी प्रशासन को पूर्व में दी गई थी लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिल सकी है।