बगहा में नहर पार कर रहा था युवक, पानी से निकला मगरमच्छ और कर दिया हमला
बगहा के पटखौली थाना क्षेत्र में नहर पार करते समय एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे वह ...और पढ़ें

मगरमच्छ के हमले में घायल युवक इलाज के लिए पहुंचा।
HighLights
बगहा नहर पार करते युवक पर मगरमच्छ का हमला।
हमले में युवक के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों में दहशत, नहर में सतर्कता बरतने की अपील।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। नहर पार करना एक युवक के लिए उस समय जान पर भारी पड़ गया, जब पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
मगरमच्छ के हमले से युवक के दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पटखौली थाना क्षेत्र के पोखर भिंडा गांव निवासी 40 वर्षीय राजन गोंड़ बुधवार सुबह गांव के समीप स्थित नहर पार कर रहे थे।
इसी दौरान नहर में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक राजन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले से वह घबरा गए और शोर मचाने लगे। आसपास मौजूद लोगों की नजर पड़ने पर किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में राजन को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा लेकर गए।
अस्पताल में चिकित्सक संजय कुमार गुप्ता ने घायल का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार राजन की स्थिति फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने नहर में मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर सतर्कता बरतने की बात कही है।
