बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, फसलों को होगा फायदा
शुक्रवार को पूरे दिन लगातार बरसात होने से मौसम में ठंड बढ़ गई है। ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम (ए डब्ल्यू एस) रमपुरवा वाल्मीकिनगर के द्वारा जारी सूचना के अनुसार बरसात की संभावना तो कम हो गई लेकिन ठंड कुछ ज्यादा ही बढ़ने की संभावना है।
बगहा। शुक्रवार को पूरे दिन लगातार बरसात होने से मौसम में ठंड बढ़ गई है। ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम (ए डब्ल्यू एस) रमपुरवा वाल्मीकिनगर के द्वारा जारी सूचना के अनुसार बरसात की संभावना तो कम हो गई लेकिन ठंड कुछ ज्यादा ही बढ़ने की संभावना है। 15 से 20 दिसंबर के बीच मौसम शुष्क रहेगा। सुबह व शाम में आसमान कोहरे की चादर में लिपटा रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 09 से 12 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस बीच उत्तर पश्चिम व उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञ अशोक कुमार पांडेय के अनुसार बारिश से गेहूं, तोरी, मसूर, सरसों, सब्जी आदि फसलों को काफी लाभ होगा। सबसे अधिक लाभ कतकी बावग गन्ने की फसल को होगा। गन्ने के फसल में उगने के समय अड़ी सूट बोरर नामक बीमारी होती है। जो अत्यंत ही नुकसानदायक है। बारिश से यह बीमारी फसलों में नहीं लगेगी। बगहा दो प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी डा. अरशद कमाल ने बताया कि इस मौसम में गरम खानपान सबसे आवश्यक है। साथ ही बिना गरम कपड़ा के घर से बाहर निकलना हानिकारक है। बुजुर्ग व बच्चों के लिए सोने के समय पर्याप्त बिस्तर होना बेहद आवश्यक है। ऐसे मौसम में घरों में अलाव जलाना फायदेमंद होता है। लापरवाही होने पर कोल्ड डायरिया, फ्लू, सर्दी, सांस की बीमारी, आदि का खतरा बना रहता है। शनिवार को शहरी पीएचसी में दोपहर तक करीब दो दर्जन मरीज इलाज कराने आए। जिसमें अधिक लोग सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार आदि के मरीज आए। धुंध और कोहरे का नतीजा यह रहा कि 55042 सवारी गाड़ी बगहा से चार घंटे विलंब से चली। वहीं इसके विलंब से परिचालन को लेकर रेलकर्मियों को यात्रियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। वहीं 15253 सत्याग्रह दो घंटे की देरी से चली। अन्य कई गाड़ियां भी विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही।