Bihar News : 33 बच्चों का पिता रोनाल्डो नहीं रहा, चितवन निकुंज में पसरा मातम
चितवन निकुंज का 53 वर्षीय बलशाली जंगली हाथी रोनाल्डो बिजली के करंट की चपेट में आने से नहीं रहा, जिससे ...और पढ़ें

मृत हाथी का परीक्षण करते निकुंज के चिकित्सक। सौजन्य -चितवन निकुंज प्रशासन
HighLights
रोनाल्डो की मौत से चितवन निकुंज में शोक का माहौल
जानकारी मिलते ही चितवन निकुंज के सुरक्षाकर्मी
चितवन निकुंज के सबसे उपयुक्त हाथियों में शामिल था
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। चितवन निकुंज का सबसे चर्चित और बलशाली जंगली हाथी रोनाल्डो अब नहीं रहा। 53 वर्षीय रोनाल्डो की शनिवार की शाम बीस हजारी ताल के समीप बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
रोनाल्डो की मौत से चितवन निकुंज में शोक का माहौल है। प्रजनन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले रोनाल्डो के सौराहा हाथीशाला में 33 बच्चे हैं, जबकि छह हथिनियां अभी गर्भवती हैं।
सड़क किनारे पड़ा मिला हाथी का शव
शनिवार की शाम स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक हाथी को मृत अवस्था में देखा। इसकी सूचना करीब 700 मीटर दूर स्थित नेपाली सेना के सुरक्षा पोस्ट को दी गई। जानकारी मिलते ही चितवन निकुंज के सुरक्षाकर्मी, चिकित्सक और नेपाली सेना के जवान मौके पर पहुंचे। जांच में मृत हाथी की पहचान रोनाल्डो के रूप में हुई।
17 फीट ऊंचे तार की चपेट में आया
चितवन राष्ट्रीय निकुंज के सूचना अधिकारी अविनाश थापा मगर ने बताया कि वरांडाभार पोस्ट के पास नेपाली सेना की ओर से करीब 17 फीट ऊंचे बिजली के तार से बाउंड्री फेंसिंग की गई है। इसी फेंसिंग की चपेट में आने से रोनाल्डो की मौत हुई। घटना के बाद निकुंज प्रशासन और सेना के जवानों ने मौके पर जांच की।
प्रजनन के लिए बेहद महत्वपूर्ण था रोनाल्डो
सूचना अधिकारी के अनुसार रोनाल्डो प्रजनन की दृष्टि से चितवन निकुंज के सबसे उपयुक्त हाथियों में शामिल था। सौराहा के हाथीशाला में उसके 33 बच्चे हैं। उससे जुड़ी छह हथिनियां वर्तमान में गर्भवती हैं। रोनाल्डो की उम्र करीब 53 वर्ष बताई गई है। उसकी मौत से हाथियों के संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।
दांत काटकर कराया पोस्टमार्टम
चितवन राष्ट्रीय निकुंज के चिकित्सकों ने रोनाल्डो के दोनों दांत काटे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आर्मी पोस्ट के पास ही गड्ढा खोदकर उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- VTR की बाघिन जाएगी पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व, एक्सपर्ट टीम ने संभाला मोर्चा
