VTR की बाघिन जाएगी पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व, एक्सपर्ट टीम ने संभाला मोर्चा
पश्चिम चंपारण के वीटीआर से एक बाघिन को पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में पहुंची टीम।
जागरण संवादाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित राष्ट्रीय उद्यान बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए वीटीआर से एक बाघिन को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बाघ पुनर्वास कार्यक्रम के तहत बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व में बसाया जाना है। इसके लिए पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व एवं सुंदरवन के करीब 20 एक्सपर्ट सदस्यों की टीम पहुंची है।
आगामी दो अक्टूबर को बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व में बसाने का लक्ष्य रखा गया है। आई टीम के एक्सपर्ट तीन दिनों तक बाघिन के आहार- व्यवहार आदि की निगरानी करेंगे।
टीम के सदस्य मंगुराहा के जंगल क्षेत्र में बाघिन की गतिविधियों की निगरानी शुरू कर दी है। जंगल के उन हिस्सों को चिह्नित कर मानीटरिंग की जा रही है, जहां बाघिन के आवागमन की संभावना है।
हालाकि, अभी रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। टीम के सदस्यों के अनुसार अधिकारियों से मिलने वाले निर्देश के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।
पगमार्क से होगी पहचान और स्वास्थ्य का आकलन
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के निर्देश के बाद बाघिन को दूसरे टाइगर रिजर्व में भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। रेस्क्यू से पहले बाघिन की पहचान, उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
इसके लिए जंगल में उसके पगमार्क की तलाश के साथ गतिविधियों और आवागमन पर नजर रखी जा रही है। बाघिन के व्यवहार और लोकेशन की जानकारी जुटाने के बाद रेस्क्यू की रणनीति तय की जाएगी।
दो रेस्क्यू वैन के साथ पहुंची है टीम
मंगुराहा पहुंची टीम अपने साथ दो रेस्क्यू वैन लेकर आई है। टीम के सदस्य जंगल के अलग-अलग हिस्सों में भ्रमण कर बाघिन की मौजूदगी से संबंधित जानकारी जुटा रहे हैं।
रेस्क्यू प्रक्रिया में बक्सा टाइगर रिजर्व और सुंदरवन क्षेत्र से जुड़ी टीम के सदस्यों के अलावा वीटीआर के एक्सपर्ट भी शामिल रहेंगे। बाघिन को किस स्थान से और किस दिन रेस्क्यू किया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। अधिकारियों के निर्देश और बाघिन की गतिविधियों के आकलन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण से इस संबंध में निर्देश प्राप्त हुए हैं। फिलहाल बक्सा टाइगर रिजर्व के लिए एक बाघिन की मांग की गई है। इसी दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है। रेस्क्यू टीम द्वारा बाघिन की गतिविधियों की निगरानी हो रही है।
गौरव ओझा, संरक्षक सह निदेशक, वीटीआर
