16 साल, 25 मौतें... बिहार के खूंखार हाथी 'ध्रुव' पर आखिरकार लगाम, दांत काटकर पहनाया रेडियो कॉलर
चितवन राष्ट्रीय निकुंज के हिंसक हाथी ध्रुव के दांत काटकर उसे सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया गया है। यह कदम 25 ...और पढ़ें

हाथी का दांत काटकर रेडियो कॉलर लगाते निकुंज के अधिकारी। सौजन्य : चितवन निकुंज प्रशासन
HighLights
हिंसक हाथी ध्रुव के दांत काटकर छोटा किया गया।
हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने को रेडियो कॉलर लगा।
ध्रुव ने पिछले 16 वर्षों में 25 लोगों की जान ली।
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर। वीटीआर से सटे चितवन राष्ट्रीय निकुंज के जंगली हाथी ध्रुव का दांत काटकर उसकी गतिविधियों की जानकारी के लिए उसमें सैटेलाइट रेडियो कॉलर यंत्र लगाया गया है।
चितवन राष्ट्रीय निकुंज के सूचना अधिकारी अविनाश थापा मगर ने बताया कि चार जुलाई की रात्रि में भरतपुर महानगरपालिका के वार्ड नंबर 23, बेलहटा गांव के मां-बेटे पर हमला कर जान लेने वाले जंगली हाथी ध्रुव के दांत काटने के लिए, पिछले 11 दिनों से उसकी खोज निकुंज के सुरक्षाकर्मियों, नेपाली सेना तथा प्रकृति संरक्षण कोष द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही थी।

पिछले 16 वर्षों में 25 व्यक्तियों की जान लेने वाले ध्रुव हाथी को आखिरकार निकुंज के सुखीभार पोस्ट के पास सुरक्षाकर्मियों ने खोज निकाला। फिर इसकी सूचना निकुंज के वरीय अधिकारियों को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही निकुंज के वरीय अधिकारी चिकित्सकों की टीम के साथ सुखीभार पहुंच गए।
रात्रि करीब 11 बजे ध्रुव हाथी को बेहोश करने में निकुंज के कर्मियों को सफलता मिली। फिर निकुंज के चिकित्सकों की टोली की निगरानी में ध्रुव हाथी का दांत काटकर छोटा कर दिया गया तथा उसकी गतिविधियों की जानकारी के लिए उसमें सैटेलाइट रेडियो कॉलर यंत्र लगा दिया गया।
हाथी में लगाए गए सैटेलाइट रेडियो कॉलर से हाथी की स्थिति की जानकारी निकुंज को मिलेगी तथा जियोफेंसिंग सहित अन्य क्षेत्रों में हाथी के विचरण की सूचना निकुंज के कर्मियों को प्राप्त होती रहेगी। अगर हाथी जंगल से निकलकर किसी बस्ती की तरफ रुख करता है, तो इसकी सूचना मिल जाएगी।
