विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बचा लीजिए डीएम साहब...’ पश्चिम चंपारण में गंडक में समाते घरों को देख दहल उठेंगे आप

Published: Tue, 01 Sep 2026 08:24 PM (IST)

गंडक नदी के तेज कटाव के कारण पश्चिम चंपारण के सिसवा कुट्टी गांव में कई घर नदी में समा गए, ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिसवा कुट्टी गांव में गंडक नदी का भीषण कटाव।

  2. कई घर नदी में समाए, ग्रामीण बेबस और आक्रोशित।

  3. डीएम से तत्काल कटावरोधी कार्रवाई की मांग।

संवाद सूत्र, योगापट्टी (पश्चिम चंपारण)। गंडक की तेज धारा मंगलवार की सुबह सिसवा कुट्टी गांव के लोगों के लिए खौफ का मंजर बन गई। देखते-देखते आंखों के सामने घर नदी में समाते गए।

कटाव का वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों की बेबसी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में लोग डीएम से गुहार लगाते नजर आ रहे हैं "बचा लीजिए, नहीं तो और भी घर विलीन हो जाएंगे।" ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को सूचना देने के बाद भी समय रहते कटाव रोकने की ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

दो घर पूरी तरह नदी में समाए

गंडक के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच मंगलवार सुबह कटाव अचानक तेज हो गया। नदी की धारा ने पारस पटेल और सुरेश पटेल के घरों को पूरी तरह अपने आगोश में ले लिया। बुद्धु पटेल और शत्रुघ्न पटेल के पक्के मकान का आधा हिस्सा भी नदी में समा गया।

घर तोड़कर सामान बचाने की कोशिश

कटाव की रफ्तार इतनी तेज थी कि गृहस्वामी खुद मकान तोड़कर सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने में जुटे रहे। उनकी आंखों के सामने मकान का मलबा भी नदी की धारा में बह गया। ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन पहले नदी पारस पटेल, सुरेश पटेल और भुआल पटेल के घरों से करीब सौ मीटर दूर थी। सोमवार शाम से कटाव तेज हुआ और नदी तेजी से घरों की ओर बढ़ती गई।

पहले ही एक घर हो चुका है विलीन

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले मंगल पटेल का घर भी नदी की भेंट चढ़ चुका है। अब करीब दस और घर कटाव के मुहाने पर हैं। इनमें बुद्धु पटेल, शत्रुघ्न पटेल, गर्जन पटेल, लक्ष्मण पटेल, मदन यादव, शिवपारस यादव, छोटेलाल पटेल, मोहन पटेल, नरेश पटेल और कन्हैया पटेल के घर शामिल हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश

पप्पू पांडेय, संजय राम, जगदीश साह, अदालत मियां, सुकट मुखिया, मुख्तार अंसारी, जीउत पटेल और भरथ चौधरी ने बताया कि रविवार शाम से ही कटाव तेज है। अब तक चार घर नदी में समा चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी समय पर बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया।

जल संसाधन विभाग को दी गई सूचना

बीडीओ शशिभूषण कुमार ने बताया कि कटाव की सूचना मिली है। जल संसाधन विभाग को इसकी जानकारी दी गई है। ग्रामीणों को अब प्रशासन से तत्काल कटावरोधी कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद है।