वियतनाम में 'बुद्ध के अवतार' माने जाने वाले गुरु पहुंचे बिहार के नंदनगढ़, स्तूप पर की परिक्रमा और पूजा
Vietnam Buddhist Monks: वियतनाम समेत विभिन्न देशों के बौद्ध भिक्षुओं ने बिहार के लौरिया-नंदनगढ़ स्थित प्राचीन बौद्ध स्तूप और सम्राट ...और पढ़ें

विदेशी भिक्षुओं ने यहां की प्राचीन वास्तुकला और मौर्य कालीन इतिहास के अवशेषों का बारीकी से अवलोकन भी किया।
संवाद सहयोगी, लौरिया (पश्चिमी चंपारण)। Historic Stupa Nandan Garh: बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थल लौरिया-नंदनगढ़ का वैश्विक महत्व एक बार फिर पूरी दुनिया के सामने आया है।
ऐतिहासिक धरती लौरिया में बौद्ध धर्म के प्रति अटूट आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला है। सोमवार को वियतनाम से आए पांच सदस्यीय बौद्ध दल ने प्राचीन नंदनगढ़ बौद्ध स्तूप और ऐतिहासिक अशोक स्तंभ पर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दल में तीन महिला भिक्षुणियां और दो पुरुष बौद्ध भिक्षु शामिल थे, जिन्हें देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विदेशी सैलानियों और बौद्ध भिक्षुओं के इस तरह अचानक पहुंचने से चंपारण के बौद्ध सर्किट की महत्ता एक बार फिर वैश्विक फलक पर रेखांकित हुई है।

वियतनाम से क्यों खींचे चले आए ?
वियतनाम से लुंबिनी होते हुए सीधे भगवान बुद्ध की इस पावन भूमि पर पहुंचे इन बौद्ध भिक्षुओं के यहां आने के पीछे नंदनगढ़ की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता है।
दल में शामिल भिक्षु बेन केतू ने बताया कि वियतनाम के लोग भगवान बुद्ध के इन प्रतिष्ठित धर्मगुरुओं को बुद्ध का अवतार मानते हैं और उनका अथाह सम्मान करते हैं।
दुनिया का सबसे विशाल बौद्ध स्तूप होने के नाते नंदनगढ़ की भव्यता और दुनिया का सबसे सुरक्षित अशोक स्तंभ लेख इन पर्यटकों और श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच लाता है।

तीन घंटे तक की विशेष पूजा
लौरिया पहुंचने पर बौद्ध दल ने सबसे पहले ऐतिहासिक नंदनगढ़ स्तूप की पांच बार परिक्रमा की। इसके बाद स्तूप पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर अपनी भाषा में करीब तीन घंटे तक विशेष अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की।
द्विभाषीय सारनाथ से आए नीरज कुमार यादव के माध्यम से उन्होंने इस स्थल के ऐतिहासिक संरक्षण की जमकर सराहना की। पूजा के बाद दल ने अशोक स्तंभ का भी दर्शन किया और इसके बाद वे केसरिया स्तूप के लिए रवाना हो गए।
दल में शामिल रहे ये प्रख्यात भिक्षु
इस पांच सदस्यीय बौद्ध दल में बेन केतू और वांग वेन के अलावा तीन महिला भिक्षुणियां जुंग डुंग, हिएन वांग और चिव सुंग शामिल थीं। वियतनाम के इन प्रतिष्ठित धर्मगुरुओं की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह से बौद्धमय हो गया है।
विदेशी भिक्षुओं ने यहां की प्राचीन वास्तुकला और मौर्य कालीन इतिहास के अवशेषों का बारीकी से अवलोकन भी किया। इस दौरान स्थानीय बौद्ध प्रेमियों और प्रबुद्ध जनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
नंदनगढ़ क्यों पहुंचते हैं विदेशी?
इतिहासकारों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लौरिया-नंदनगढ़ की यह पावन धरती भगवान बुद्ध के जीवनकाल और बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के इतिहास से गहराई से जुड़ी हुई है।
यहां स्थित मौर्य काल का एकाश्मक प्रस्तर (अशोक स्तंभ) और विशाल प्राचीन बौद्ध स्तूप (नंदनगढ़ टीला) दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों के लिए किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं हैं।
बौद्ध धर्म में गहरी आस्था रखने वाले वियतनाम और अन्य देशों के भिक्षु इसी प्राचीन सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने और शांति संदेश के प्रसार के लिए विशेष रूप से यहां खिंचे चले आते हैं।
यह भी पढ़ें- 100 साल पुराना विष्णु मंदिर, जहां कछुए अर्पित करने से पूरी होती है मन्नत, बौद्ध धर्म से है गहरा कनेक्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।