पश्चिम चंपारण के दो खिलाड़ियों का जलवा, मिली अंतरराष्ट्रीय रैपिड शतरंज रेटिंग
पश्चिम चंपारण के दो युवा शतरंज खिलाड़ियों, संभव कुमार सिंह और हिमांशु कुमार तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय रैपिड शतरंज रेटिंग हासिल ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पश्चिम चंपारण के दो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय रैपिड शतरंज रेटिंग मिली।
संभव कुमार सिंह जिले के सबसे कम उम्र के रेटेड खिलाड़ी बने।
पटना की प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। शतरंज की बिसात पर पश्चिम चंपारण के दो खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
जिले के बगहा निवासी 10 वर्षीय संभव कुमार सिंह और नरकटियागंज के हिमांशु कुमार तिवारी को अंतरराष्ट्रीय रैपिड शतरंज रेटिंग मिली है।
एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय चेस फेडरेशन (एफआईडीई) की ओर से जारी रेटिंग सूची में संभव को 1438 और हिमांशु को 1408 रेटिंग मिली है। खास बात यह है कि संभव जिले के सबसे कम उम्र के रेटेड खिलाड़ी बन गए हैं।
पटना की प्रतियोगिता में दिखाया दम
दोनों खिलाड़ियों ने 19 और 20 सितंबर को पटना में आयोजित क्यूजीसीए ओपन रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलावा दूसरे स्थानों से भी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसी प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों को पहली अंतरराष्ट्रीय रैपिड रेटिंग हासिल हुई है।
संभव ने छह रेटेड खिलाड़ियों से खेला
बगहा के 10 वर्षीय संभव कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के नौ राउंड में 3.5 अंक अर्जित किए। उन्होंने छह रेटेड खिलाड़ियों का सामना किया। इनमें एक खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल की, जबकि एक के साथ मुकाबला ड्रॉ रहा। उनके प्रदर्शन के आधार पर एफआईडीई की रेटिंग सूची में संभव को 1438 रेटिंग मिली है।
हिमांशु ने चार अंक जुटाए
नरकटियागंज के हिमांशु कुमार तिवारी ने भी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने नौ राउंड में कुल चार अंक बनाए। छह रेटेड खिलाड़ियों के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में हिमांशु ने एक को शिकस्त दी, जबकि दो खिलाड़ियों के साथ मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। उन्हें अंतरराष्ट्रीय रैपिड रेटिंग सूची में 1408 रेटिंग मिली है।
सबसे कम उम्र के रेटेड खिलाड़ी
संभव की उपलब्धि जिले के लिए खास मानी जा रही है। महज 10 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय रैपिड रेटिंग हासिल कर उन्होंने पश्चिम चंपारण के सबसे कम उम्र के रेटेड खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शाहिद हुसैन, नवीन जायसवाल, डॉ. मोहम्मद गुलजार, भानु बरनवाल, प्रेम शंकर सिंह और धर्मेंद्र कुमार ने बधाई दी है।
