बिहार में पूर्व विधायक के घर के पीछे पहुंचा बाघ, दहशत का माहौल, वन विभाग की टीम सक्रिय
बगहा में पूर्व विधायक के आवास के पीछे बाघ दिखने से इलाके में दहशत फैल गई है। वन विभाग की ...और पढ़ें

बिहार के पश्चिम चंपारण में सूचना पर पहुंची टीम।
HighLights
पूर्व विधायक के आवास के पीछे बाघ दिखा।
वन विभाग ने बाघ की तलाश शुरू की।
दो माह में चार लोगों की बाघ से मौत।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। शुक्रवार की सुबह पूर्व विधायक के आवास के पीछे बाघ दिखने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बाघ को देखने के बाद तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वनपाल आशीष कुमार के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में बाघ की तलाश शुरू कर दी।
वन विभाग ने शुरू की तलाश
वन विभाग की टीम बाघ के पदचिह्न और उसकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। टीम आसपास के खेतों और झाड़ियों की भी जांच कर रही है। बाघ के लगातार आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेत या सरेह की ओर नहीं जाने की अपील कर रहा है।
महिला की मौत के बाद बढ़ी चिंता
मदनपुर वन क्षेत्र के मस्जिदिया सरेह में हाल में बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद वन विभाग की टीम लगातार बाघ की तलाश कर रही है। पूर्व विधायक के आवास के पीछे बाघ दिखने की सूचना के बाद वन विभाग को आशंका है कि यह वही बाघ हो सकता है, जिसने महिला पर हमला किया था। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दो माह में चार लोगों की मौत
वाल्मीकिनगर और आसपास के क्षेत्रों में बाघ के हमले की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो माह में बाघ के हमले में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
