Bihar News : बेतिया-पटजिरवा मार्ग पर बह गया आरसीसी पुल, थम गई आवाजाही, सड़क का 20 फीट हिस्सा भी क्षतिग्रस्त
Bihar flood news : योगापट्टी में चंपारण तटबंध टूटने से आई बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बैरिया प्रखंड ...और पढ़ें
HighLights
योगापट्टी में चंपारण तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी फैला।
बेतिया-पटजिरवा मुख्य मार्ग पर आरसीसी पुल बह गया।
सड़क का 20 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त, आवागमन पूरी तरह ठप।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। योगापट्टी के गोलाघाट में चंपारण तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। पानी के दबाव ने अब सड़कों और पुलों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बैरिया प्रखंड में पुजहा-पटजिरवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर छोटलाल चौक के पास आरसीसी पुल पानी के तेज दबाव में बह गया।
इसके साथ ही सड़क का करीब 20 फीट हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
तिरहुत नहर की उप वितरणी का तटबंध टूटा
बाढ़ के पानी के दबाव से तिरहुत नहर की उप वितरणी का तटबंध भी टूट गया। इसके बाद पानी सड़क पर फैल गया और पुल के आसपास तेज बहाव की स्थिति बन गई।
पानी का बहाव इतना अधिक है कि लोगों को मार्ग पर जाने से रोका जा रहा है। सड़क का हिस्सा टूटने से दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों का संपर्क भी बाधित हो गया है।
डीएम ने क्षति की पुष्टि की
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने पुल, सड़क और नहर के तटबंध को क्षति पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि योगापट्टी में चंपारण तटबंध टूटने से बढ़े पानी के दबाव के कारण यह नुकसान हुआ है। स्थिति को देखते हुए मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है। लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और क्षतिग्रस्त हिस्से की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है।
राहत-बचाव के लिए टीमें पहुंचीं
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। जलसंसाधन विभाग के अभियंताओं की टीम भी पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है।
क्षतिग्रस्त पुल, सड़क और नहर के तटबंध की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों को इस मार्ग से आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी गई है।
यह भी पढ़ें- चंद्रावत नदी का पानी संतघाट मंदिर तक पहुंचा, बढ़ते जलस्तर से बेतिया में बाढ़ का डर
