Bihar Crime : जीएमसीएच में मां का इलाज कराने आई किशोरी से दुष्कर्म, लैब कर्मी गिरफ्तार
बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अपनी मां की देखभाल कर रही 14 वर्षीय किशोरी से संविदा पर कार्यरत ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
बेतिया जीएमसीएच में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला।
संविदा पर कार्यरत लैब कर्मी रविरंजन को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
मां के इलाज का झांसा देकर आरोपी ने किया दुष्कर्म।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाजरत अपनी मां की देखभाल के लिए आई 14 वर्षीय किशोरी के साथ संविदा पर कार्यरत लैब कर्मी ने दुष्कर्म किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित लैब कर्मी मटियरिया थाना क्षेत्र के हरदिया भुवाल गांव निवासी कमलेश यादव के पुत्र रविरंजन को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को उसकी मां का इलाज बेहतर तरीके से कराने का झांसा देकर आरोपित अस्पताल से बुलाकर अपने डेरा पर ले गया।
वहां ले जाकर दुष्कर्म किया और धमकी दी , कि इस घटना की जानकारी किसी को दोगी तो तुम्हारी मां का इलाज नहीं होगा। घटना के बाद डरी-सहमी किशोरी रात में चुप रही। सुबह अस्पताल से बाहर निकली तो अपनी दादी को आपबीती बताई।
इसके बाद स्वजन ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित किशोरी बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। किशोरी की मां का अस्पताल में आपरेशन हुआ है। सोमवार की दोपहर किशोरी वार्ड में अकेली थी। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा। स्लाइन चढ़ाने के बहाने उसने किशोरी से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया ।
मां को नुकसान पहुंचाने की दी धमकी
घटना के बाद आरोपित ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो अस्पताल में इलाजरत उसकी मां को जान से मार देगा। इस धमकी से किशोरी भयभीत हो गई और काफी देर तक चुप रही।
बाद में अस्पताल से बाहर आने के बाद स्वजन ने उसे परेशान और रोते हुए देखा। दादी ने पूछताछ की तो किशोरी ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने नगर थाने में आवेदन दिया।
सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल में लगे सीसी कैमरे की फुटेज की जांच की गई है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
