विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में सड़क किनारे बकरी चरा रहे बालक को स्कार्पियो ने कुचला, मौके पर मौत

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:57 PM (GMT+05:30)

पश्चिम चंपारण के नौतन में एक आठ वर्षीय बालक को स्कार्पियो ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत ...और पढ़ें

घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

संवाद सूत्र, नौतन (पश्चिम चंपारण)। गोपालगंज-मंगलपुर मुख्य सड़क पर बरियारपुर चेकपोस्ट के समीप सड़क के किनारे गुरुवार की शाम चार बजे बकरी चारा रहे आठ वर्षीय बालक को स्कार्पियो ने रौंद दिया।

बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरियारपुर वार्ड सात निवासी नंदकिशोर राम के पुत्र नंदन कुमार  के रूप में हुई है। बच्चे को कुचलने के बाद चालक स्कार्पियो लेकर बेतिया की ओर फरार हो गया।

बताया जाता है कि स्कार्पियो गोपालगंज की तरफ से आ रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे में था। बच्चे की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क पर शव को रख कर जाम कर दिया।

इससे गोपालगंज-बेतिया मुख्य सड़क पर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्वजन व ग्रामीण उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही नौतन थानाध्यक्ष राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज की जांच कर फरार स्कार्पियो की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद मृतक के स्वजन और ग्रामीण माने। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है।

बताया जाता है कि पुलिस को स्कार्पियो को नंबर पता चला है। इस आधार पर चालक की गिरफ्तारी और स्कार्पियो जब्त करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- बगहा में मवेशियों के लिए चारा लेने निकला युवक, गंडक पार आकाशीय बिजली की चपेट में आया