विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में गन्ने के खेत में मिला लापता छात्र जाहिद अंसारी का गड़ा हुआ शव, खुदाई कर निकाला गया

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:22 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्र जाहिद अंसारी का शव गन्ने के खेत से बरामद किया ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के बेतिया में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया।

पश्चिम चंपारण के बेतिया में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया।

HighLights

  1. 13 वर्षीय छात्र जाहिद अंसारी का शव बरामद।

  2. गन्ने के खेत में गड़ा मिला था शव।

  3. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर थाना के सेमरी भवानीपुर गांव निवासी सुभान अंसारी के पुत्र 13 वर्षीय छात्र जाहिद अंसारी का शव शुक्रवार को नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी भवानीपुर गांव के सरेह में गन्ने के खेत से बरामद किया गया।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खेत में खुदाई कर शव निकलवाया। मौके पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी रही।

मृतक की बहन गुलबसा खातून ने बताया कि जाहिद बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से मरकज टोला सेमरी में इज्तिमा (धार्मिक आयोजन) की तैयारी देखने गया था।

देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को संदेह के आधार पर ग्रामीण सरेह में तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान गन्ने के खेत में ताजा मिट्टी और कुछ संदिग्ध निशान दिखाई दिए। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई तो अंदर से जाहिद का शव मिला।

जाहिद सेमरी भवानीपुर स्थित राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता सुभान अंसारी करीब चार महीने पहले मजदूरी करने लुधियाना गए हैं।

परिवार में तीन बहनें और चार भाई हैं। जाहिद दो भाइयों और दो बहनों से छोटा था। बेटे का शव मिलने के बाद मां शहनाजा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हत्या के कारण की जानकारी ली जा रही है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम चंपारण में फूल तोड़ने गए किशोर की बेरहमी से हत्या, ईंट से कुचला सिर