विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में फूल तोड़ने गए किशोर की बेरहमी से हत्या, ईंट से कुचला सिर

Published: Fri, 16 Oct 2026 05:28 PM (GMT+05:30)

पश्चिम चंपारण के डुमरा गांव में फूल तोड़ने गए 15 वर्षीय किशोर सुजीत कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिला।

सुजीत कुमार की फाइल फोटो।

 सुजीत कुमार की फाइल फोटो।

HighLights

  1. पश्चिम चंपारण में 15 वर्षीय किशोर सुजीत की निर्मम हत्या।

  2. फूल तोड़ने गए किशोर का शव गन्ने के खेत में मिला।

  3. धारदार हथियार और ईंट से वार, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। लाैरिया प्रखंड की पराऊटोला बसवरिया पंचायत के डुमरा गांव में शुक्रवार सुबह घर से फूल तोड़ने गए 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई।

किशोर का शव गांव से करीब 500 मीटर पश्चिम सायर माई स्थान के पूरब भोला साह के गन्ने के खेत से बरामद किया गया। मृतक के गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जबकि सिर और जबड़े पर ईंट से प्रहार कर उसे बुरी तरह कुचल दिया गया है।

मृतक की पहचान डुमरा गांव के वार्ड संख्या दो निवासी जोखु साह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। वह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मठिया में दसवीं कक्षा का छात्र था।

मृतक के पिता ने बताया कि सुजीत प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह छह बजे फूल तोड़ने के लिए घर से गांव के पश्चिम स्थित सायर माई स्थान की ओर गया था। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान सायर माई स्थान से करीब 50 मीटर पूरब गन्ने के खेत में उसका शव मिला। घटनास्थल पर कुछ फूल भी बिखरे हुए थे। बताया जाता है कि हत्या करने के बाद अपराधियों ने घटनास्थल से करीब दस मीटर दूर तक शव को घसीटने के बाद छोड़ दिया था।

घटनास्थल से ईंट भी बरामद की गई है। हत्या के कारण का पता नहीं चला है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

नरकटियागंज के एसडीपीओ प्रसन्ना कुमार एम भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि मृतक के पिता जोखु साह ने आवेदन दिया है, जिसमें किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया गया है। हत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।