विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के दूल्हों के सिर सजेगा यूपी का सेहरा, मैचिंग शेरवानी व लहंगे के लिए गोरखपुर जा रहे बगहा के लोग

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:00 AM (IST)

Bagaha Wedding Shopping Gorakhpur: देवोत्थान एकादशी के करीब आते ही बगहा के दूल्हा-दुल्हन शादी की खरीदारी के लिए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हें बेहतर रेंज और नए डिजाइन मिल रहे हैं। 

सीमावर्ती क्षेत्र बगहा के दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी की खास खरीदारी के लिए राज्य की सीमा लांघकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर बाजार का रुख कर रहे हैं।

सीमावर्ती क्षेत्र बगहा के दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी की खास खरीदारी के लिए राज्य की सीमा लांघकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर बाजार का रुख कर रहे हैं।

संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Bagaha Wedding Shopping Gorakhpur: देवोत्थान एकादशी के करीब आते ही शादी-विवाह की तैयारियां तेज हो गई हैं और इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों के बाजारों में एक दिलचस्प रुझान भी सामने आ रहा है।

पश्चिमी चंपारण के सीमावर्ती क्षेत्र बगहा के दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी की खास खरीदारी के लिए राज्य की सीमा लांघकर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर बाजार का रुख कर रहे हैं।

गोरखपुर के बाजारों में अधिक रेंज, नए डिजाइन और वैरायटी उपलब्ध होने के कारण वर-वधू वहां से अपनी पसंद के सेहरा, लहंगा और शेरवानी खरीदना पसंद कर रहे हैं।

हालांकि, बगहा में शेरवानी की शुरुआती कीमत करीब दस हजार रुपये है, लेकिन बेहतर विकल्प और मैचिंग परिधान की तलाश में ग्राहक दूसरे शहर का रास्ता चुन रहे हैं।

स्थानीय बाजार को मिल रहा सहारा

कपड़ों की खरीदारी के लिए भले ही लोग बाहर जा रहे हों, लेकिन बगहा के स्थानीय बाजार में शादी की पारंपरिक सामग्री को लेकर उत्साह बना हुआ है। दूल्हे के सिर पर सजने वाले सेहरा के साथ पाग और मौर आज भी विवाह की पारंपरिक पहचान बने हुए हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों को सहारा मिल रहा है।

सेहरा विक्रेता रंजीत कुमार ने बताया कि पर्व के बाद अब ग्रामीण इलाकों से लोग दुकानों पर पहुंचने लगे हैं और सामान्य तौर पर सेहरा 1,500 से 2,000 रुपये में बिक रहा है।

वहीं, दुकानदार उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि अब दूल्हे अपनी शेरवानी से मैच करता सेहरा पसंद कर रहे हैं, जिसके चलते कई खास दूल्हों के लिए विशेष रंगों में सेहरा तैयार कराया जा रहा है।

बजट पर भारी पड़ रही महंगी खरीदारी

शादी का सीजन शुरू होने के साथ ही बढ़ता खर्च मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा रहा है। लहंगा, साड़ी, शेरवानी और आभूषणों की कीमतों के साथ-साथ रस्मों के कपड़े, सजावट और शृंगार के छोटे-छोटे खर्च भी मिलकर पूरे बजट का दबाव बढ़ा रहे हैं।

ऐसे में मध्यमवर्गीय परिवार अपनी जरूरतों और जेब के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। कई परिवार महंगे डिजाइनर परिधानों के बजाय किफायती विकल्प अपना रहे हैं, तो कई लोग अनावश्यक खरीदारी में कटौती कर रहे हैं।

बदल रही है दूल्हे की पसंद

बदलते दौर के साथ दूल्हे के पहनावे और शृंगार की पसंद में भी नयापन दिख रहा है। पारंपरिक शेरवानी के साथ इंडो-वेस्टर्न परिधान, डिजाइनर साफा और आकर्षक जूती-मोजड़ी का चलन तेजी से बढ़ा है।

इसके बावजूद विवाह की रस्मों में पारंपरिक पाग और सेहरा की अहमियत बरकरार है। आधुनिक फैशन और परंपरा के इसी संगम ने इस लग्न के बाजार को एक अलग रंग दे दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।