विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण के उदयपुर सरैयामन में बनेगा बिहार का पहला हिरण रेस्क्यू सेंटर

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:30 AM (GMT+05:30)

बेतिया के उदयपुर सरैयामन में बिहार का पहला हिरण रेस्क्यू सेंटर और सुरक्षित पर्यावास विकसित किया जा रहा है। इसके लिए वन विभाग 15 हेक्टेयर भूमि पर घास का मैदान तैयार करेगा, जिससे बाढ़ प्रभावित हिरणों को संरक्षण मिलेगा।

पश्चिम चंपारण के उदयपुर सरैयामन जंगल। जागरण

पश्चिम चंपारण के उदयपुर सरैयामन जंगल। जागरण 

HighLights

  1. उदयपुर सरैयामन में बिहार का पहला हिरण पर्यावास बनेगा।

  2. वन विभाग 15 हेक्टेयर में घास का मैदान बनाएगा।

  3. बाढ़ से प्रभावित हिरणों को मिलेगा सुरक्षित ठिकाना।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बाढ़ की तेज धार में बहकर आने वाले और जंगल में बीमार पड़ने वाले हिरणों को अब बेहतर संरक्षण और सुरक्षित ठिकाना मिलने की उम्मीद है।

उदयपुर सरैयामन को हिरणों के लिए सुरक्षित पर्यावास के रूप में विकसित करने की पहल शुरू हो गई है। यह बिहार का पहला पर्यावास होगा। इसके प्रारंभिक चरण में वन विभाग 15 हेक्टेयर भूमि में घास का मैदान तैयार करेगा।

राज्य सरकार ने इसके लिए 11.47 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। घास का मैदान विकसित होने से हिरणों समेत अन्य शाकाहारी वन्यजीवों को प्राकृतिक भोजन उपलब्ध हो सकेगा।

यह पहल प्रस्तावित हिरण रेस्क्यू सेंटर की स्थापना की दिशा में भी अहम मानी जा रही है। वन विभाग ने करीब तीन माह पहले रेस्क्यू सेंटर के निर्माण और सुविधाओं के विकास के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक के माध्यम से केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकार, नई दिल्ली को भेजा है।

हालांकि अभी स्वीकृति मिली नहीं है। लेकिन ग्रासलैंड विकसित करने के लिए आवंटन मिलने के बाद हिरण रेस्क्यू सेंटर की स्वीकृति की संभावना बढ़ गई है। स्वीकृति मिलने पर यहां बीमार और घायल हिरणों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्राकृतिक भोजन के साथ विकसित होगा सुरक्षित पर्यावास

करीब आठ वर्ग किलोमीटर में फैले उदयपुर सरैयामन वन क्षेत्र में हिरणों के अलावा खरगोश समेत कई शाकाहारी वन्यजीवों की मौजूदगी है। घास का मैदान विकसित होने से इन वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में भोजन मिल सकेगा।

विभाग की योजना इसे वन्यजीवों के अनुकूल पर्यावास के रूप में विकसित करने की है। इसके लिए आगे भी जरूरत के अनुसार राशि उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

बाढ़ ने बताई स्थायी रेस्क्यू सेंटर की जरूरत

वर्ष 2017 में आई भीषण बाढ़ के दौरान वीटीआर के 300 से अधिक हिरण गंडक नदी की तेज धारा में बह गए थे। इनमें से करीब 250 हिरणों को सुरक्षित निकालकर अस्थायी तौर पर उदयपुर सरैयामन में रखा गया था। लेकिन समुचित ग्रास लैंड की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें वीटीआर में छोड़ना पड़ा था।

इस वर्ष आई बाढ़ के दौरान भी गंडक के दियारा क्षेत्र समेत पूर्वी चंपारण और अन्य इलाकों से 22 हिरणों को रेस्क्यू कर लाया गया था, पशु चिकित्सकों की देखरेख में उपचार के बाद उन्हें प्राकृतिक परिवेश में छोड़ दिया गया।

उदयपुर सरैयामन में घास का मैदान विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने 11.47 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। यह हिरण रेस्क्यू सेंटर की स्थापना की दिशा में एक बेहतर शुरुआत है।

-

पंकज कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।