बिहार में बाजार मिले तो खेतों में लहलहाएगा श्री अन्न, प्रोत्साहन के इंतजार में बैठे किसान
पश्चिम चंपारण में सरकार के श्री अन्न (मोटे अनाज) की खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के बावजूद किसान बाजार ...और पढ़ें

बाजरा की फसल दिखाती महिला किसान। फाइल फोटो
HighLights
किसान बाजार और प्रोत्साहन की कमी से श्री अन्न से दूर।
पश्चिम चंपारण में मोटे अनाज की खेती 200 हेक्टेयर से कम।
कृषि अधिकारी ने श्री अन्न के लिए मार्केटिंग सुविधा का वादा किया।
शशि कुमार मिश्र, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। सेहत और पोषण के लिहाज से श्री अन्न यानी मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार जोर दे रही है। किसानों को इसके फायदे बताए जा रहे हैं और खेती के लिए प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
इसके बावजूद जिले के किसानों का रुझान श्री अन्न की खेती की ओर नहीं बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि लगातार दो वर्षों तक खेती के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के बाद इस बार जिले के लिए कोई लक्ष्य ही तय नहीं किया गया है।
बाजार और प्रोत्साहन की कमी के कारण किसान इसकी खेती से दूरी बनाए हुए हैं।जिले के चनपटिया, नौतन, मधुबनी, पिपरासी, ठकराहा एवं भितहा के कुछ क्षेत्रों में किसानों ने ज्वार और बाजरे की खेती की है।
वहीं, कुछ किसानों ने मड़ुआ भी उपजाया है। हालांकि, इनकी खेती का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिक्री करना नहीं, बल्कि पशुओं के लिए दाना उपलब्ध कराना रहा है।
जिला कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में श्री अन्न यानी बाजरा, ज्वार और रागी की खेती का कुल रकबा 200 हेक्टेयर से भी कम है।जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज असगर ने बताया कि इस वर्ष श्री अन्न की खेती के लिए विभाग की ओर से कोई प्रोत्साहन नहीं मिला है। हालांकि, किसानों को इस खेती से जोड़ने के लिए मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
धान-गेहूं के मुकाबले श्री अन्न काफी पीछे
जिले में परंपरागत फसलों के मुकाबले मोटे अनाज की खेती का दायरा बेहद छोटा है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष मक्का की खेती 6,500 हेक्टेयर, धान की 1,30,141 हेक्टेयर और गेहूं की 1,10,215 हेक्टेयर में हुई है।
वहीं पोषण से भरपूर श्री अन्न की खेती 200 हेक्टेयर से भी कम क्षेत्र में सिमट गई है। आंकड़े बताते हैं कि किसानों का रुझान अब भी धान, गेहूं और मक्का जैसी फसलों की ओर अधिक है।
बाजार नहीं तो खेती में क्यों लें जोखिम
श्री अन्न की खेती का रकबा नहीं बढ़ने के पीछे बाजार की सुविधा का अभाव प्रमुख कारण बन रहा है। किसान राधेश्याम प्रसाद का कहना है कि उत्पादन के बाद उपज बेचने की सुनिश्चित व्यवस्था नहीं है।
ऐसे में खेती पर खर्च और मेहनत करने के बावजूद उचित कीमत मिलने की गारंटी नहीं रहती। नौतन और बैरिया प्रखंड की कुछ महिला किसानों ने इस वर्ष मड़ुआ की खेती की है।
महिला किसान सरस्वती देवी और पतासो देवी का कहना है कि जिस तरह कृषि विभाग धान और गेहूं की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करता है, उसी तरह श्री अन्न के लिए भी पहल होनी चाहिए। बीज, खेती की तकनीक और उपज की बिक्री की व्यवस्था मिले तो किसान इसमें रुचि ले सकते हैं।
इस वर्ष श्री अन्न की खेती के लिए विभाग की ओर से कोई प्रोत्साहन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, विभाग इसके लिए मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल करेगा।
— सरफराज असगर, जिला कृषि पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।