विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी चंपारण में शादी से पहले युवती का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप

Published: Fri, 30 Oct 2026 12:10 PM (IST)

पश्चिमी चंपारण के साठी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय सलोनी कुमारी का शव घर में पंखे से लटका मिला। परिजनों ...और पढ़ें

सलोनी कुमारी की फाइल फोटो।

सलोनी कुमारी की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। साठी थाना क्षेत्र के रायबरवा में गुरुवार की शाम 20 वर्षीय सलोनी कुमारी का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला।

मृतका पूर्वी चंपारण जिले के पलनवा थाना क्षेत्र के आनंदीगंज वार्ड 14 निवासी अरुण साह की पुत्री थी। वह अपने नाना स्व. बैजनाथ साह और नानी लालमुनी देवी के साथ रायबरवा में रहती थी।

नानी के घर मिला शव

विधवा लालमुनी देवी का कोई बेटा नहीं है और उन्होंने सलोनी को अपने पास ही रखा था। गुरुवार की शाम करीब चार बजे लालमुनी देवी पेट्रोल पंप के पास स्थित दूसरे मकान पर गई थीं।

करीब एक घंटे बाद लौटने पर घर का दरवाजा बंद मिला और काफी प्रयास के बाद भी नहीं खुला।

दरवाजा खुलने पर सामने आया शव

इसके बाद पीछे से जाकर दरवाजा खुलवाया गया तो कमरे में सलोनी का शव पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर उसके पिता अरुण साह सहित अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे। स्वजनों ने उसके गले पर निशान होने की बात कही है।

पिता ने लगाया हत्या आरोप

पिता अरुण साह ने नाना स्व. बैजनाथ साह की हत्या के पुराने मामले में नामजद पट्टीदारों पर सलोनी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि पुराने मुकदमे को उठाने के लिए पट्टीदार लगातार धमकी दे रहे थे। आरोपितों में विनय साह, शिवनाथ साह, कन्हैया साह, नितीश कुमार सहित अन्य पट्टीदारों के नाम बताए गए हैं।

जल्द होने वाली थी शादी

सलोनी तीन बहनों और दो भाइयों में मंझली थी। परिजनों ने उसकी शादी भी तय कर रखी थी, हालांकि अभी शादी की तिथि निर्धारित नहीं हुई थी। घटना के बाद स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में फंदे से लटका मिला यूपी के युवक का शव, प्रेम संबंध में घटना की आशंका