विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में फंदे से लटका मिला यूपी के युवक का शव, प्रेम संबंध में घटना की आशंका

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:29 PM (IST)

दरभंगा में 23 वर्षीय गोलगप्पा विक्रेता गुलशन कुमार का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Youth Death Case: शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी मोहल्ले में मंगलवार की शाम बंद कमरे में गोलगप्पा विक्रेता गुलशन कुमार (23) का फंदे से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई।

वह उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के नदी थाना क्षेत्र के छतारे कापड़ा गांव निवासी मुन्ना लाल जाखोलिया का पुत्र था।

गुलशन करीब 15 वर्षों से अपने दादा और छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रह रहा था और तीसरी मंजिल पर रहकर गोलगप्पा बेचने का काम करता था।

बंद कमरे में मिला शव

बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे छोटा भाई गोलगप्पे के स्टाल पर पहुंचा, जिसके बाद गुलशन खाना खाने के लिए अपने कमरे में चला गया।

शाम करीब साढ़े चार बजे उसके दादा विश्वनाथ जाखोलिया ने भीतर से बंद कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

खिड़की से झांकने पर उन्होंने छत के कुंडे से नई प्लास्टिक रस्सी के सहारे गुलशन को लटका देखा और शोर मचाया।

किराएदारों ने तोड़ा दरवाजा

इसके बाद अन्य किराएदारों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और शव को नीचे उतारा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्रेम संबंध की चर्चा

स्वजनों ने बताया कि कमरे में पहले रस्सी नहीं थी और गुलशन स्वयं रस्सी खरीदकर लाया था। उनके अनुसार, गुलशन का उत्तर प्रदेश की एक ग्रामीण युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों के बीच रोजाना फोन पर बातचीत होती थी।

स्वजनों ने आशंका जताई कि युवती से कहासुनी के बाद गुलशन ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।